लखनऊ, 06 जून ।
राजधानी लखनऊ में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है, जहां पीजीआई थाना पुलिस ने मोहनलालगंज थाना पुलिस और सर्विलांस सेल के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए 50-50 हजार रुपये के दो इनामी आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इन दोनों पर मकान बेचने के नाम पर करोड़ों की ठगी से जुड़े मामले में गंभीर आरोप हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र के पटेल नगर निवासी सुनील कुमार शुक्ला और विपिन कुमार शुक्ला के रूप में हुई है। दोनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वे लंबे समय से फरार चल रहे थे।
मामला उन्नाव निवासी गायत्री देवी की शिकायत से जुड़ा है, जिसमें आरोप लगाया गया था कि आरोपितों सहित अन्य लोगों ने एक संगठित गिरोह बनाकर वृंदावन योजना में मकान बेचने के नाम पर कूटरचित दस्तावेज तैयार किए और झांसा देकर लगभग 74 लाख रुपये की धोखाधड़ी की।
जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि इस गिरोह में कई लोग शामिल थे, जिनमें से कुछ के खिलाफ पहले ही कार्रवाई की जा चुकी है। वर्तमान में वांछित चल रहे सुनील कुमार शुक्ला और विपिन कुमार शुक्ला को शुक्रवार देर रात किसान पथ की सर्विस लेन के पास से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। इसके बाद उन्हें आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए हिरासत में लिया गया है और मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।









