नोएडा, 06 जून ।
नोएडा के थाना दनकौर क्षेत्र अंतर्गत बिलासपुर कस्बे में दो दिन से लापता एक युवक का शव शनिवार को ककोड़ क्षेत्र के पास स्थित गंग नहर (खेरली नहर) में बरामद हुआ है। युवक चार जून को दोस्तों के साथ नहर में नहाने की बात कहकर घर से निकला था, जिसके बाद से वह लापता था।
पुलिस के अनुसार बिलासपुर के सिरजेखानी मोहल्ला निवासी रवि ने अपने 24 वर्षीय छोटे भाई आकाश के लापता होने की सूचना थाने में दी थी। परिजनों ने बताया कि वह दोस्तों के साथ नहर में नहाने गया था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला तो गुमशुदगी दर्ज कराई गई।
शनिवार को ककोड़ थाना क्षेत्र में नहर से एक शव मिलने की सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। बाद में परिजनों ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर शव की पहचान की।
पुलिस ने बताया कि युवक का शव घटनास्थल से लगभग सात किलोमीटर दूर नहर में मिला है। प्रारंभिक जांच में नहर में डूबने से मौत की आशंका जताई जा रही है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।









