रांची, 06 जून ।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अपने दो दिवसीय झारखंड प्रवास के तहत शनिवार को रांची पहुंचे, जहां उन्होंने प्रदेश कार्यालय में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और विभिन्न इकाइयों के प्रतिनिधियों के साथ अहम बैठकें कीं।
प्रदेश कार्यालय आगमन पर कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और संगठनात्मक बैठकों की श्रृंखला में शामिल हुए।
सबसे पहले उन्होंने प्रदेश कोर कमेटी और पूर्व प्रदेश अध्यक्षों की संयुक्त बैठक में भाग लिया। इस दौरान संगठनात्मक ढांचे को मजबूत बनाने, बूथ स्तर तक पार्टी की सक्रियता बढ़ाने, सदस्यता अभियान को तेज करने और जनसंपर्क कार्यक्रमों को अधिक प्रभावी बनाने पर गहन चर्चा हुई।
बैठक की शुरुआत प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू द्वारा राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत करते हुए पुस्तक भेंट करने से हुई। इसके बाद विभिन्न वरिष्ठ नेताओं ने संगठन से जुड़े मुद्दों पर अपने सुझाव रखे।
इस बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, चंपाई सोरेन, अर्जुन मुंडा, मधु कोड़ा सहित कई वरिष्ठ नेता, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी और संजय सेठ, राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश तथा अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
इसके अतिरिक्त पूर्व प्रदेश अध्यक्षों, पूर्व सांसदों और प्रदेश स्तरीय पदाधिकारियों ने भी बैठक में भाग लेकर संगठनात्मक विस्तार और आगामी कार्यक्रमों पर विचार साझा किए।
इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सांसदों और विधायकों की संयुक्त बैठक को संबोधित किया, जिसमें उन्होंने जनप्रतिनिधियों से संगठन और जनता के बीच संवाद को और मजबूत करने, सरकार की उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने तथा जनसमस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
सांसदों की बैठक में केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी और संजय सेठ सहित कई सांसदों ने भाग लिया, जबकि विधायकों की बैठक में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि शामिल हुए और क्षेत्रीय मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया।
पार्टी नेतृत्व का मानना है कि यह दौरा झारखंड में संगठन को नई ऊर्जा देने, कार्यकर्ताओं के मनोबल को बढ़ाने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए मजबूत रणनीति तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
दो दिवसीय प्रवास के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष लगातार बैठकों और संगठनात्मक कार्यक्रमों के माध्यम से पार्टी की गतिविधियों को गति देने और रणनीतिक ढांचे को मजबूत करने पर फोकस बनाए रखेंगे।









