नोएडा, 06 जून ।
नोएडा के थाना बिसरख क्षेत्र अंतर्गत राधा स्काई गार्डन सोसाइटी में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने कहासुनी के बाद अपनी मां पर चाकू से हमला कर दिया और इसके बाद पांचवीं मंजिल से छलांग लगाकर अपनी जान दे दी।
पुलिस के अनुसार 21 वर्षीय सागर यादव अपने परिवार के साथ टावर-1 के फ्लैट नंबर 1804 में रह रहा था। किसी घरेलू विवाद को लेकर उसकी अपनी मां से कहासुनी हो गई, जिसके दौरान उसने उन पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उन्हें मामूली चोटें आईं।
घटना के बाद परिजनों ने बताया कि युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ था। विवाद के बाद वह फ्लैट से नीचे आया और अचानक पांचवीं मंजिल से कूद गया। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, घायल मां का प्राथमिक उपचार कराया गया है और पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।









