जबलपुर, 06 जून ।
मध्यप्रदेश के जबलपुर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां अधारताल क्षेत्र में किराए के मकान से महिला का शव मिलने के एक दिन बाद उसके पति का शव भी संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ है। शनिवार को रांझी थाना क्षेत्र स्थित वीएफजे इस्टेट के एक परित्यक्त कर्मचारी क्वार्टर में 40 वर्षीय मयंक सिंह का शव फंदे से लटका मिला।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में इसे आत्महत्या का मामला माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, मयंक सिंह शुक्रवार शाम वीएफजे इस्टेट में संदिग्ध परिस्थितियों में घूमता हुआ दिखाई दिया था। सुरक्षा कर्मियों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन वह अपना वाहन छोड़कर फरार हो गया। बाद में वाहन की तलाशी के दौरान पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला था।
इससे एक दिन पहले शुक्रवार को अधारताल के न्यू कंचनपुर क्षेत्र में स्थित किराए के मकान से 35 वर्षीय नेहा सिंह का शव बरामद हुआ था। मकान मालिक की सूचना पर पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां रसोई में महिला का शव मिला था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम, डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों को जांच के लिए बुलाया गया था। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार महिला की मौत दो से तीन दिन पहले हो चुकी थी और शव काफी सड़ चुका था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों के बीच वैवाहिक संबंध थे और महिला ने पहले पति की मृत्यु के बाद मयंक सिंह से दूसरा विवाह किया था। दोनों की मौत के बाद उनका आठ वर्षीय बच्चा गहरे सदमे में है।
फिलहाल पुलिस दोनों मामलों के बीच संभावित संबंधों की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।








