गाजियाबाद, 06 जून ।
गाजियाबाद जिले के थाना मुरादनगर क्षेत्र में एक युवती से धर्म छिपाकर दोस्ती करने और लंबे समय तक दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर गंभीर आरोप हैं कि उसने कई वर्षों तक पीड़िता का शोषण किया।
पीड़िता द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार, आरोपी ने खुद को अज्जू नाम से परिचित कर दोस्ती की थी और शादी का झांसा देकर लगातार शारीरिक शोषण करता रहा। इस दौरान उसने पीड़िता की अश्लील तस्वीरें और वीडियो भी बना लिए।
बाद में जब पीड़िता ने शादी की बात की तो आरोपी ने अपना असली नाम अजान बताते हुए कहा कि दोनों का धर्म अलग है और शादी संभव नहीं है। शिकायत में यह भी सामने आया कि जिस समय से यह घटना शुरू हुई, उस समय पीड़िता नाबालिग थी।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान आरोपी अजान उर्फ अज्जू को दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।









