मुरैना, 06 जून ।
मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के थाना अम्बाह क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या के मामले में फरार चल रहे इनामी आरोपियों को आश्रय और आर्थिक सहायता पहुंचाने वाले दो रिश्तेदारों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार अपराध क्रमांक 583/2024 में धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत दर्ज मामले में आरोपी अशोक सिंह गहलौत और अमित सिंह गहलौत घटना के बाद से फरार चल रहे थे। दोनों पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 5-5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
थाना प्रभारी को सूचना मिली थी कि फरार आरोपी अपने रिश्तेदारों की मदद से बीहड़ क्षेत्र में छिपे हुए हैं और उन्हें भोजन व अन्य सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने गूंजबंधा के बीहड़ों में दबिश दी, जहां दो संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ऋषिकेश चौहान और शीतल चौहान के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से आटा, चावल, दाल, शक्कर, नमक सहित रोजमर्रा की खाद्य सामग्री और अन्य सामान बरामद हुआ।
पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे फरार इनामी आरोपियों को भोजन और अन्य जरूरी सामान पहुंचा रहे थे। इसके बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फरार आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें मदद या संरक्षण देने वालों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









