जम्मू और कश्मीर
08 Jun, 2026

काम-क्रोध पर विजय पाने के लिए योग और यज्ञ आवश्यक: स्वामी राम स्वरूप

स्वामी राम स्वरूप जी ने कठुआ में आयोजित यज्ञानुष्ठान के दौरान योग, यज्ञ और वेदाध्ययन को काम-क्रोध जैसे विकारों से मुक्त होकर आत्मसंयम प्राप्त करने का श्रेष्ठ मार्ग बताया है।

कठुआ, 08 जून।

वेद मन्दिर योल में चल रहे 78 दिवसीय यज्ञानुष्ठान के 58वें दिन स्वामी राम स्वरूप जी योगाचार्य ने भक्तों को जीवन की सार्थकता का मार्ग बताया। उन्होंने अथर्ववेद के मंत्रों का हवाला देते हुए मनुष्य के भीतर पलने वाले काम और क्रोध जैसे शत्रुओं से सावधान रहने का आह्वान किया।

स्वामी जी ने स्पष्ट किया कि काम-क्रोध मनुष्य के सबसे बड़े शत्रु हैं। इनके वश में होकर व्यक्ति अपना अमूल्य जीवन नष्ट कर लेता है। उन्होंने इन दोषों की तुलना हिंसक जानवरों से करते हुए कहा कि ये धीरे-धीरे मनुष्य की मानसिक और आत्मिक शक्ति को खोखला कर देते हैं।

इन विकारों पर विजय पाने का अचूक उपाय बताते हुए उन्होंने नियमित योग और प्राणायाम पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि योगाभ्यास, नाम-जाप और तपस्या के बल पर कोई भी व्यक्ति क्रोध और कामवासना जैसी प्रवृत्तियों पर पूर्ण नियंत्रण पा सकता है।

यज्ञ और अग्निहोत्र की महत्ता को रेखांकित करते हुए उन्होंने बताया कि वेदों के अनुसार यज्ञ न केवल शरीर को निरोग रखते हैं, बल्कि इंद्रियों पर संयम भी लाते हैं। इससे जीवन में सुख-शांति का संचार होता है और आत्मिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त होता है।

अंत में स्वामी जी ने संदेश दिया कि नित्य वेद अध्ययन, यज्ञ और योग ही वह एकमात्र मार्ग है, जो मनुष्य को पापों से मुक्ति दिलाकर सुखमय और दीर्घायु जीवन प्रदान करता है। यही मार्ग अंततः मोक्ष की प्राप्ति का आधार बनता है।

|
आज का राशिफल

लाभकारी गतिविधियों में सक्रियता रहेगी। कामकाज की व्यस्तता से सुख-आराम प्रभावित होगा। धर्म-कर्म के प्रति रुचि जागृत होगी। मानसिक एवं शारीरिक शिथिलता पैदा होगी। जोखिम से दूर रहना ही बुद्घिमानी होगी। शुभ कार्यों की प्रवृत्ति बनेगी और शुभ समाचार भी मिलेंगे। शुभांक-3-6-8

आज का मौसम

भोपाल

25° / 36°

Partly sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़