नई दिल्ली, 08 जून।
विपक्षी दलों के इंडी गठबंधन की महत्वपूर्ण बैठक से पहले दिल्ली की राजनीति गरमा गई है। शहर के कई प्रमुख इलाकों में राहुल गांधी के विरोध में पोस्टर देखे गए हैं, जिन्होंने सियासी गलियारों में हलचल मचा दी है।
अशोका रोड और रेल भवन जैसे संवेदनशील इलाकों में लगे इन पोस्टरों में गठबंधन के प्रमुख नेताओं के पुराने बयानों को जगह दी गई है। इनमें कांग्रेस की साख और विपक्षी एकता पर गंभीर सवाल खड़े किए गए हैं।
इन पोस्टरों में शरद पवार, पिनराई विजयन, उदयनिधि स्टालिन, ममता बनर्जी और अरविंद केजरीवाल के बयानों का हवाला देते हुए कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधा गया है। इन बयानों के जरिए गठबंधन के भीतर मौजूद वैचारिक मतभेदों को सार्वजनिक किया गया है।
पोस्टरों में एक ही नारा लिखा है, “इंडी अलायन्स वाले जो आपस में लड़ रहे हैं, वो साथ क्या लड़ेंगे!” इन पर किसी भी संगठन या व्यक्ति का नाम नहीं है, जिससे यह स्पष्ट नहीं है कि इन्हें किसने लगवाया है।

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने इन पोस्टरों के बारे में अनभिज्ञता जाहिर करते हुए कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है। दूसरी ओर, वामपंथी दलों ने भी कांग्रेस के साथ अपने पुराने तनावों का जिक्र करते हुए नाराजगी के संकेत दिए हैं।
आगामी बैठक में लगभग 23 राजनीतिक दलों के जुटने की संभावना है। इसमें चुनावी रणनीति और सीटों के तालमेल पर चर्चा होनी है, लेकिन पोस्टर विवाद ने विपक्षी एकता की राह में नई चुनौती पेश कर दी है।












