काठमांडू, 09 जून।
नेपाल की संसद में जारी सियासी घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है। प्रतिनिधि सभा में विपक्षी दलों का गतिरोध आज आठवें दिन भी कायम रहा। सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सांसदों ने अपनी सीटों से खड़े होकर जोरदार हंगामा शुरू कर दिया।
स्पीकर डीपी अर्याल ने जैसे ही बैठक की शुरुआत की, विपक्षी सदस्य लामबंद होकर विरोध जताने लगे। इस दौरान एमाले सांसद क्षितिज थेबे ने विपक्ष का पक्ष रखते हुए स्पष्ट किया कि जब तक प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह अपने पूर्व में दिए गए विवादित बयान पर सदन में स्पष्टीकरण नहीं देते, तब तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
विपक्षी दलों की एक ही मांग है कि प्रधानमंत्री स्वयं संसद में आकर अपने बयान पर सफाई पेश करें। इस मुद्दे को लेकर विपक्ष अपने रुख पर पूरी तरह अडिग है।
लगातार आठ दिनों से चल रहे इस हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही बाधित हो रही है। प्रधानमंत्री के जवाब की मांग को लेकर विपक्ष और सत्तापक्ष के बीच जारी यह तनातनी संसद के कामकाज में बड़ी रुकावट बनी हुई है।









