किशनगंज, 10 जून।
किशनगंज में पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की टीम ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। कुर्लीकोट थाना क्षेत्र के धर्मकाटा चौक पर स्थित एक कबाड़खाने में संयुक्त छापेमारी के दौरान पुलिस ने 362.8 ग्राम हेरोइन बरामद की है।
गुप्त सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार एक विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान हजरत अली के कबाड़खाने की तलाशी ली गई, जहां नशीले पदार्थों का अवैध भंडारण और कारोबार होता पाया गया।
पुलिस ने मौके से कबाड़खाना संचालक हजरत अली, उनकी पत्नी तुमिना बीबी खातून और नेपाल निवासी नुरज आलम समेत कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया है। बाकी आरोपियों की पहचान नाजीमुल हुसैन, मो. साकिर, वसीम अख्तर उर्फ राहुल शेख और बब्लू शेख के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान पुलिस ने एक हुंडई कार, एक पल्सर मोटरसाइकिल और 10 मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। अधिकांश आरोपी पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
कुर्लीकोट थाने में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है और तस्करी में शामिल अपराधियों की अवैध संपत्ति की जांच कर उसे जब्त करने की तैयारी कर रही है।









