नोएडा, 10 जून।
नोएडा के थाना सेक्टर 49 क्षेत्र में एक बलात्कार पीड़िता को डराने-धमकाने का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। पीड़ित महिला ने आरोप लगाया है कि पूर्व में दर्ज मामले का आरोपी जेल से जमानत पर छूटने के बाद उसे लगातार प्रताड़ित कर रहा है।
महिला की शिकायत के मुताबिक, बरौला गांव निवासी विकास कुंडू नामक व्यक्ति उसे व्हाट्सएप पर अश्लील मैसेज भेज रहा है। आरोपी सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक स्टेटस लगाकर पीड़िता को समाज में बदनाम करने का प्रयास भी कर रहा है।
पीड़िता का कहना है कि आरोपी उसे जान से मारने की धमकी दे रहा है और जबरन मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहा है। इससे पीड़िता दहशत में जी रही है।
थाना पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि आरोपी की धरपकड़ के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।








