शेयर बाज़ार
10 Jun, 2026

शेयर बाजार में शुरुआती गिरावट के बाद शानदार रिकवरी, सेंसेक्स 475 अंक उछला, निफ्टी में भी लौटी रौनक

शुरुआती कारोबार में बिकवाली के दबाव के बाद भारतीय शेयर बाजार में खरीदारों की जोरदार लिवाली से सेंसेक्स 475 अंक और निफ्टी 23,360 के स्तर के पार पहुंच गया है।

नई दिल्ली, 10 जून।

घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान मजबूती का रुख देखने को मिल रहा है। आज सुबह बाजार में सपाट स्तर पर मिली-जुली शुरुआत दर्ज की गई थी। बाजार के खुलते ही अचानक बिकवाली का दबाव बनने की वजह से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों प्रमुख सूचकांकों की चाल में कुछ देर के लिए गिरावट भी दर्ज की गई। हालांकि, इस शुरुआती झटके के थोड़ी देर बाद ही खरीदारों ने बाजार में चौतरफा लिवाली का जोर बना दिया, जिससे इन दोनों सूचकांकों की चाल में शानदार तेजी लौट आई। सुबह 10 बजे तक का सत्र पूरा होने के बाद सेंसेक्स 0.64 प्रतिशत और निफ्टी 0.52 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।

प्रातः 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से हिंदुस्तान यूनिलीवर, नेस्ले, रिलायंस इंडस्ट्रीज, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स और एशियन पेंट्स के शेयर 2.68 प्रतिशत से लेकर 1.02 प्रतिशत की मजबूती के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, इंफोसिस, एटरनल, अदानी एंटरप्राइजेज और श्रीराम फाइनेंस के शेयर 3.19 प्रतिशत से लेकर 0.56 प्रतिशत की गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।

अभी तक के सत्र में स्टॉक मार्केट में कुल 2,723 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग देखने को मिल रही थी। इनमें से 1,607 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में बने हुए थे, वहीं 1,116 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 प्रमुख शेयरों में से 19 शेयर लिवाली के मजबूत सपोर्ट से हरे निशान में टिके हुए थे। दूसरी ओर 11 शेयर बिकवाली के भारी दबाव में लाल निशान में चले गए थे। इसके अतिरिक्त निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 30 शेयर हरे निशान में और 20 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

बीएसई का सेंसेक्स आज 69.51 अंक की तेजी के साथ 73,988.27 अंक के स्तर पर खुला था। कारोबार की शुरुआत होते ही बिकवाली का दबाव बन जाने के कारण यह सूचकांक गिर कर लाल निशान में 73,897.83 अंक के निचले स्तर पर पहुंच गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे इस सूचकांक की चाल में तेजी आ गई। लिवाली के सपोर्ट से थोड़ी देर में ही सेंसेक्स शानदार रिकवरी कर हरे निशान में पहुंच गया। बाजार में लगातार हो रही खरीद-बिक्री के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 475.44 अंक की मजबूती के साथ 74,394.20 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स की चाल के विपरीत एनएसई के निफ्टी ने आज 8.15 अंक की मामूली कमजोरी के साथ 23,233.95 अंक के स्तर से अपने कारोबार की शुरुआत की थी। बाजार खुलते ही बिकवाली का दबाव बनने के कारण यह सूचकांक लुढ़क कर 23,217.30 अंक के स्तर तक चला गया था। हालांकि, थोड़ी देर बाद ही बड़े खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिसकी वजह से यह सूचकांक भी तेजी से रिकवरी कर हरे निशान में प्रवेश कर गया।

लगातार हो रही लिवाली के सपोर्ट से पहले आधे घंटे के कारोबार में ही यह सूचकांक उछल कर 23,384.45 अंक तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में एक बार फिर बिकवाली का हल्का दबाव बनने की वजह से इस सूचकांक की चाल में मामूली गिरावट भी दर्ज की गई। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के उतार-चढ़ाव के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद निफ्टी 23,363 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

इसके पहले पिछले कारोबारी दिन मंगलवार को सेंसेक्स 394.50 अंक यानी 0.54 प्रतिशत की मजबूती के साथ 73,918.76 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने भी 119.10 अंक यानी 0.52 प्रतिशत की उछाल के साथ 23,242.10 अंक के स्तर पर मंगलवार के कारोबार का अंत किया था।

|
आज का राशिफल

शैक्षणिक कार्य आसानी से पूरे होते रहेंगे। स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। परिश्रम प्रयास से काम बनाने की कोशिश लाभ देगी। व्यापार व व्यवसाय में ध्यान देने से सफलता मिलेगी। बुरी संगति से बचें। नौकरी में सावधानीपूर्वक कार्य करें। अपनों का सहयोग प्राप्त होगा। अर्थपक्ष मजबूत रहेगा। शुभांक-3-5-7

आज का मौसम

भोपाल

28° / 39°

Sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़