सूरजपुर, 10 जून।
नोएडा के सूरजपुर थाना क्षेत्र में वैवाहिक जीवन की कलह के चलते एक विवाहिता ने अपनी जान दे दी। कस्बा सूरजपुर निवासी 27 वर्षीय मनोरमा ने बुधवार सुबह अपने घर पर पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
मृतका का विवाह वर्ष 2018 में नरेंद्र उर्फ बबलू के साथ हुआ था और उनके दो बच्चे भी हैं। परिजनों का आरोप है कि पति द्वारा लगातार किए जा रहे उत्पीड़न से तंग आकर ही मनोरमा ने यह आत्मघाती कदम उठाया है।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी नरेंद्र के विरुद्ध आत्महत्या के लिए मजबूर करने की धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।
वारदात के बाद से ही आरोपी पति मौके से फरार है। पुलिस उसे पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।









