भोपाल, 10 जून।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित होने वाली नीति आयोग की 11वीं गवर्निंग काउंसिल बैठक में भाग लेने के लिए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव नई दिल्ली पहुंच गए हैं। यह महत्वपूर्ण बैठक 11 जून को आयोजित होगी, जिसमें देश के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर व्यापक चर्चा की जाएगी।
जानकारी के अनुसार इस वर्ष बैठक की थीम ‘2047 तक विकसित भारत के लिए समावेशी मानव विकास’ निर्धारित की गई है। बैठक में राज्यों के मुख्यमंत्री और केंद्र शासित प्रदेशों के उपराज्यपाल तथा प्रशासक एक साझा मंच पर विकास से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर अपने विचार रखेंगे।
बैठक का फोकस कौशल विकास, मानव संसाधन सशक्तिकरण, रोजगार सृजन और समावेशी विकास से जुड़े विषयों पर रहेगा। इसके अलावा मूलभूत मानव पूंजी को मजबूत बनाने, भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल तैयार करने और उद्यमिता को बढ़ावा देने के उपायों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
इसके साथ ही स्वास्थ्य, पोषण, कल्याण, उत्पादक रोजगार, उद्यमिता और विकेंद्रीकृत विकास जैसे विषय भी चर्चा के केंद्र में रहेंगे। नीति निर्धारण से जुड़े इन महत्वपूर्ण मुद्दों पर राज्यों और केंद्र के बीच समन्वय को और मजबूत बनाने पर भी जोर दिया जाएगा।
बैठक में देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री, उपराज्यपाल, प्रशासक, केंद्रीय मंत्री, नीति आयोग के पदाधिकारी तथा अन्य विशेष आमंत्रित सदस्य शामिल होंगे। इस दौरान विकसित भारत के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए विभिन्न क्षेत्रों के लिए आगे की रणनीति पर मंथन किया जाएगा।











