औरैया, 10 जून।
उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान दिबियापुर थाना पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। बुधवार सुबह हुई एक पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश घायल हो गया।
जिले में वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को सूचना मिली थी कि हत्या के मामले में फरार चल रहा एक इनामी बदमाश मोटरसाइकिल से दिबियापुर की ओर आ रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने कम्प्रेशर बम्बा पुलिया के पास घेराबंदी कर दी। इसी बीच एक संदिग्ध व्यक्ति को आते देख पुलिस ने उसे रुकने का संकेत दिया। पुलिस को देखते ही वह अपनी मोटरसाइकिल मोड़कर भागने का प्रयास करने लगा।
पुलिस द्वारा पीछा किए जाने पर बदमाश ने खुद को फंसता देख पुलिसकर्मियों पर सीधी फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में गोलियां चलाईं, जो सीधे आरोपी के पैर में लगी।
गोली लगने से अपराधी टिल्लू उर्फ शिवम घायल होकर नीचे गिर गया और पुलिस टीम ने उसे फौरन दबोच लिया। घायल अवस्था में उसे प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दिबियापुर में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार टिल्लू उर्फ शिवम हत्या के एक पुराने मामले में लंबे समय से वांछित था। मौके से पुलिस ने एक अवैध तमंचा, कारतूस और एक स्पलेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त की है। पुलिस ने उसके खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।









