मध्य प्रदेश
10 Jun, 2026

कलियासोत क्षेत्र में छह अवैध डेयरियां ध्वस्त, अतिक्रमण पर निगम की कार्रवाई

भोपाल नगर निगम ने अतिक्रमण विरोधी अभियान के तहत कलियासोत डेम क्षेत्र में छह अवैध डेयरियां ध्वस्त कीं और भदभदा क्षेत्र से झुग्गियां हटाते हुए शहरभर में व्यापक कार्रवाई की।

भोपाल, 10 जून।

शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत नगर निगम ने बुधवार को विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माणों और सड़क तथा सार्वजनिक स्थलों पर किए गए कब्जों को हटाया। जिला प्रशासन के सहयोग से की गई संयुक्त कार्रवाई में कलियासोत डेम क्षेत्र में संचालित छह अवैध डेयरियों को ध्वस्त किया गया, वहीं भदभदा क्षेत्र से तीन झुग्गियां भी हटाई गईं।

निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर अतिक्रमण निरोधक दल ने कटारा हिल्स, एमपी नगर, माता मंदिर, जवाहर चौक, कस्तूरबा नगर, रायसेन रोड, अयोध्या बायपास, अशोका गार्डन, नवीन नगर, हमीदिया रोड, भोपाल टॉकीज और भारत टॉकीज सहित कई इलाकों में कार्रवाई की।

अभियान के दौरान शैतान सिंह चौराहा और अशोका गार्डन क्षेत्र में बने अवैध चबूतरों को तोड़ा गया। कस्तूरबा नगर में अवैध निर्माण कार्य को रुकवाया गया तथा रायसेन रोड स्थित गुप्ता कॉलोनी में सर्विस रोड पर फैला मलबा हटाया गया। इसके अलावा अयोध्या बायपास और अन्य क्षेत्रों में सड़क पर रखा सामान हटाकर मार्ग को व्यवस्थित किया गया।

नवीन नगर में नालियों के ऊपर रखी गई फर्शियां हटाकर जल निकासी व्यवस्था को सुचारू बनाया गया। भारत टॉकीज क्षेत्र में यातायात प्रभावित करने वाले तीन चारपहिया वाहनों को भी हटाया गया, जिससे आवागमन को सुगम बनाया जा सके।

कार्रवाई के दौरान विभिन्न स्थानों से ठेले, गुमठियां, पान पार्लर, काउंटर, बोर्ड और अन्य अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए। निगम अमले ने कई सामानों को जब्त भी किया। अधिकारियों का कहना है कि शहर में अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी और सार्वजनिक स्थलों पर अवैध कब्जे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।

|
आज का राशिफल

शैक्षणिक कार्य आसानी से पूरे होते रहेंगे। स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। परिश्रम प्रयास से काम बनाने की कोशिश लाभ देगी। व्यापार व व्यवसाय में ध्यान देने से सफलता मिलेगी। बुरी संगति से बचें। नौकरी में सावधानीपूर्वक कार्य करें। अपनों का सहयोग प्राप्त होगा। अर्थपक्ष मजबूत रहेगा। शुभांक-3-5-7

आज का मौसम

भोपाल

28° / 39°

Sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़