प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से मध्य प्रदेश राज्य महिला आयोग ने महिलाओं के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन सेवा शुरू की है। इस नई व्यवस्था के माध्यम से महिलाएं अपनी शिकायतें, समस्याएं और सुझाव सीधे आयोग तक पहुंचा सकेंगी।
भोपाल स्थित महिला आयोग कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान हेल्पलाइन नंबर 1800-233-6112 का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर आयोग की अध्यक्ष रेखा यादव, सदस्य साधना स्थापक और सचिव सुरेश तोमर सहित आयोग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रेखा यादव ने कहा कि महिला सशक्तिकरण का अर्थ केवल योजनाओं का संचालन नहीं, बल्कि महिलाओं को न्याय और सहायता तक सरल पहुंच उपलब्ध कराना भी है। उन्होंने बताया कि नई हेल्पलाइन महिलाओं और आयोग के बीच सीधे संवाद का माध्यम बनेगी, जिससे शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा सकेगी।
उन्होंने कहा कि यह पहल विशेष रूप से उन महिलाओं के लिए उपयोगी साबित होगी, जो किसी कारणवश आयोग तक प्रत्यक्ष रूप से नहीं पहुंच पाती हैं। साथ ही यह व्यवस्था महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
आयोग की सदस्य साधना स्थापक ने कहा कि हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त होने वाली प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाएगी, ताकि पीड़ित महिलाओं को समय पर राहत मिल सके और उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान हो।
आयोग के सचिव सुरेश तोमर ने बताया कि यह हेल्पलाइन शिकायत पंजीयन, मार्गदर्शन, परामर्श और मामलों की निगरानी के लिए एक सशक्त माध्यम के रूप में कार्य करेगी। इससे शिकायत निवारण प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और सुगम बनेगी।











