भोपाल, 10 जून।
मध्य प्रदेश से राज्यसभा की तीन रिक्त सीटों पर होने वाले द्विवार्षिक चुनाव के लिए बुधवार को संवीक्षा प्रक्रिया पूरी होने के बाद उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी कर दी गई। सूची में भारतीय जनता पार्टी के तीनों उम्मीदवारों के नाम शामिल किए गए हैं।
भाजपा की ओर से तरुण चुग, महेश केवट और रजनीश अग्रवाल को प्रत्याशी बनाया गया है। राज्यसभा की इन तीन सीटों का कार्यकाल 21 जून को समाप्त हो रहा है, जिनमें से दो सीटें भाजपा और एक सीट कांग्रेस के पास थी।
इन सीटों के लिए भाजपा और कांग्रेस दोनों ने अपने-अपने उम्मीदवारों के नामांकन दाखिल किए थे, लेकिन नामांकन पत्रों की जांच के दौरान कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन खारिज कर दिया गया।
बताया गया कि नामांकन में अनियमितताओं और आवश्यक जानकारी के अभाव को आधार बनाकर यह कार्रवाई की गई। इसके बाद संवीक्षा के दौरान शेष तीन नामांकनों को वैध मानते हुए अंतिम सूची जारी की गई।
भाजपा की ओर से आपत्ति दर्ज कराने के बाद यह मामला सामने आया था, जिसमें आरोप लगाया गया था कि नामांकन में एक लंबित मामले की जानकारी छिपाई गई थी।
कांग्रेस उम्मीदवार का नामांकन रद्द होने के बाद पार्टी ने इस निर्णय के खिलाफ विरोध दर्ज कराया और देशव्यापी स्तर पर प्रतिक्रिया सामने आई।
इसके बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल दिल्ली में निर्वाचन आयोग से मिला, जिसमें विभिन्न राज्यों के प्रमुख नेता शामिल रहे और इस पूरे घटनाक्रम पर आपत्ति जताई गई।










