मध्य प्रदेश
10 Jun, 2026

सेप्टिक टैंक में उतरे दो भाइयों की मौत, एक मजदूर गंभीर

बैतूल के मुलताई में निर्माणाधीन सेप्टिक टैंक में जमा जहरीली गैस की चपेट में आने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है।

बैतूल, 10 जून।

बैतूल जिले के मुलताई नगर में बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसे में सेप्टिक टैंक के भीतर उतरे दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर की हालत गंभीर बनी हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार टैंक में जमा जहरीली गैस की चपेट में आने से यह हादसा हुआ।

जानकारी के मुताबिक मुलताई के भगतसिंह वार्ड स्थित एक मकान में निर्माणाधीन सेप्टिक टैंक में सेंट्रिंग हटाने का काम चल रहा था। इसी दौरान ग्राम डिवटिया निवासी संजय पंवार टैंक के अंदर उतरे, लेकिन काफी देर तक बाहर नहीं आए। उनकी स्थिति जानने के लिए उनके बड़े भाई विजय पंवार नीचे पहुंचे, लेकिन वे भी बाहर नहीं निकल सके।

जब दोनों मजदूरों का कोई पता नहीं चला तो तीसरे मजदूर मुकेश परिहार ने टैंक के अंदर जाकर देखा। वहां दोनों भाइयों को अचेत अवस्था में देखकर उसने मदद के लिए आवाज लगाई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। तीनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने विजय और संजय को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से प्रभावित मुकेश को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे तथा परिजनों से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि निर्माणाधीन टैंक लंबे समय से बंद था, जिसके कारण उसमें गैस जमा हो गई थी। आशंका है कि इसी गैस के प्रभाव से पहले एक मजदूर अचेत हुआ और उसे बचाने के प्रयास में अन्य लोग भी इसकी चपेट में आ गए। मौके पर किसी प्रकार के सुरक्षा उपकरण या मास्क उपलब्ध नहीं होने की बात भी सामने आई है।

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार मौत के कारणों की अंतिम पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।

|
आज का राशिफल

शैक्षणिक कार्य आसानी से पूरे होते रहेंगे। स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। परिश्रम प्रयास से काम बनाने की कोशिश लाभ देगी। व्यापार व व्यवसाय में ध्यान देने से सफलता मिलेगी। बुरी संगति से बचें। नौकरी में सावधानीपूर्वक कार्य करें। अपनों का सहयोग प्राप्त होगा। अर्थपक्ष मजबूत रहेगा। शुभांक-3-5-7

आज का मौसम

भोपाल

28° / 39°

Sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़