बेंगलुरु, 10 जून।
देश की सत्ता संभाले प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्ष पूर्ण होने पर कर्नाटक में उत्साह का माहौल देखा गया। राज्य के विभिन्न हिस्सों में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके उत्तम स्वास्थ्य तथा लंबी आयु के लिए मंदिरों में विशेष पूजा का आयोजन किया।
बेंगलुरु के आरपीसी लेआउट स्थित संकटहर गणपति मंदिर में रेल राज्य मंत्री वी. सोमन्ना ने अनुष्ठान किया। इस मौके पर उन्होंने मोदी के नेतृत्व को दूरदर्शी बताते हुए देश की प्रगति और उनके सफल कार्यकाल की सराहना की। बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता इस आयोजन में शामिल हुए।
वहीं, विधानसौधा के पास स्थित अरलिकट्टे मुनेश्वर मंदिर में विधानसभा में विपक्ष के नेता आर. अशोक ने विशेष प्रार्थना की। इसी तरह शेषाद्रिपुरम के श्री रामलिंगेश्वर स्वामी मंदिर में कर्नाटक भाजपा प्रभारी डॉ. राधामोहनदास अग्रवाल और चलवाड़ी नारायणस्वामी ने पूजा की और लोगों में मिठाइयां बांटी।
गदग के श्री वीरनारायण मंदिर में भी भव्य कार्यक्रम हुआ। यहाँ पूर्व मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई, सी.सी. पाटिल और एस.वी. संकनूर समेत कई नेताओं ने मोदी के 4,399 दिनों के ऐतिहासिक सफर को याद किया। उन्होंने देश की उन्नति के लिए संकल्प लेते हुए प्रधानमंत्री के लिए प्रार्थनाएं कीं।
राज्यभर के इन धार्मिक आयोजनों में भाजपा नेताओं ने एक स्वर में कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी अलग पहचान बनाई है। इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य उनके सफल जीवन की कामना करना और विकसित भारत के संकल्प को पुनः दोहराना रहा।










