नई दिल्ली, 10 जून ।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने और 12 वर्ष का कार्यकाल पूरा करने को लेकर भाजपा नेताओं ने इसे भारतीय लोकतंत्र की ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व, जनकल्याणकारी नीतियों और देश के विकास में उनकी भूमिका की सराहना करते हुए इसे गर्व का विषय बताया।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सुशासन के क्षेत्र में लंबे समय तक कार्य कर भारत के लोकतंत्र को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से करोड़ों लोगों तक सुविधाएं पहुंची हैं और गरीब वर्ग को आत्मसम्मान के साथ आगे बढ़ने का अवसर मिला है।
उन्होंने यह भी कहा कि एक साधारण परिवार से निकलकर देश के सर्वोच्च पद तक पहुंचना लोकतांत्रिक व्यवस्था की शक्ति का उदाहरण है। उनके अनुसार यह उपलब्धि बताती है कि इच्छाशक्ति और समर्पण से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने एनडीए बैठक को लेकर कहा कि सभी सहयोगी दल प्रधानमंत्री के नेतृत्व में बैठक में शामिल होंगे और विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की जाएगी।
उन्होंने राज्यसभा चुनाव से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी के भीतर ही असंतोष और विवाद की स्थिति बनी हुई है, जिसका प्रभाव उम्मीदवारों पर पड़ा है।
उधर, उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने कार्यकाल में कई ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं, जिनमें अनुच्छेद 370 हटाना, वन नेशन वन टैक्स, और राम मंदिर निर्माण जैसे कदम शामिल हैं, जिन्हें पहले असंभव माना जाता था।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ देश को एक साझा विकास मॉडल दिया है, जिससे शासन प्रणाली अधिक प्रभावी और जनकेंद्रित बनी है।










