नई दिल्ली, 10 जून।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इस अवसर पर भारत मंडपम में आयोजित एनडीए बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें इतने लंबे समय तक देश सेवा का अवसर मिलना ईश्वर की विशेष कृपा है और उनके लिए देश की जनता ही ईश्वर का स्वरूप है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने हमेशा सेवा को साधना के रूप में स्वीकार किया है। यह केवल व्यक्तिगत प्रयास नहीं, बल्कि करोड़ों कार्यकर्ताओं और जनसहयोग से संपन्न एक सामूहिक संकल्प की यात्रा है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय संगठन और जनता के विश्वास को दिया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की बैठक में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर एक प्रस्ताव पारित किया गया। प्रस्ताव में देश को मिले स्थिर नेतृत्व, सुशासन, विकास और विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में हुए प्रयासों का उल्लेख किया गया।
बैठक में भाजपा और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री तथा अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हुए। नेताओं ने प्रधानमंत्री को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके नेतृत्व की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान सभी नेताओं ने अनौपचारिक संवाद भी किया।
एनडीए बैठक में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने प्रस्ताव प्रस्तुत किया, जिसका समर्थन नगालैंड के मुख्यमंत्री नेफियू रियो ने किया। प्रस्ताव में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विभिन्न क्षेत्रों में हुए बदलावों और उपलब्धियों का उल्लेख किया गया।
बैठक से पहले प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक भी हुई। मंत्रिमंडल ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर प्रधानमंत्री को बधाई दी और उनकी उपलब्धि का स्वागत किया। इस दौरान मंत्रियों ने तालियां बजाकर उनका अभिनंदन भी किया।











