भोपाल, 10 जून।
मध्य प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बिजली उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपने बिजली बिलों का भुगतान केवल अधिकृत माध्यमों से ही करें और किसी भी प्रकार के साइबर फ्रॉड से सतर्क रहें।
मंत्री ने कहा कि उपभोक्ता बिजली बिल का भुगतान कंपनी के जोन कार्यालय, वितरण केंद्र, पीओएस मशीन तथा एमपी ऑनलाइन और कॉमन सर्विस सेंटर जैसे अधिकृत केंद्रों के माध्यम से करें। इसके अलावा नेट बैंकिंग, यूपीआई, क्रेडिट-डेबिट कार्ड, वॉलेट और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म से भी भुगतान की सुविधा उपलब्ध है।
उन्होंने बताया कि उपभोक्ताओं को किसी निजी मोबाइल नंबर से कॉल या संदेश भेजकर भुगतान का दबाव नहीं बनाया जाता। कंपनी की ओर से केवल अधिकृत सेंडर आईडी के माध्यम से ही संदेश भेजे जाते हैं, इसलिए किसी भी संदिग्ध संदेश पर भरोसा न किया जाए।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि उपभोक्ताओं को किसी भी अनजान नंबर, लिंक या ऐप पर क्लिक करके भुगतान नहीं करना चाहिए और न ही किसी को अपना पिन या बैंकिंग जानकारी साझा करनी चाहिए।
उन्होंने बताया कि साइबर जालसाज अक्सर फर्जी एसएमएस, व्हाट्सऐप संदेश या आईवीआर कॉल के माध्यम से डर का माहौल बनाकर तत्काल भुगतान करने के लिए मजबूर करने की कोशिश करते हैं, जो पूरी तरह धोखाधड़ी है।
मंत्री ने स्पष्ट किया कि ऐसे किसी भी फर्जी संदेश या कॉल पर ध्यान न दिया जाए और तुरंत इसकी शिकायत की जाए।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि साइबर ठगी की किसी भी घटना की सूचना तुरंत भारत सरकार की हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दर्ज कराएं।










