जिले में अवैध खनन और खनिज नियमों के उल्लंघन पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देश पर वन, राजस्व, पुलिस, परिवहन और खनिज विभाग की संयुक्त टीम लगातार निरीक्षण कर रही है और अनियमितताओं के मामलों में कार्रवाई कर रही है।
कोलारस क्षेत्र के मानीपुरा मंडी के पास निजी भूमि पर कथित रूप से अवैध खनिज भंडारण और भराव कार्य की शिकायत मिलने पर प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए एक जेसीबी मशीन को जब्त कर लिया। जब्त मशीन को शासकीय अभिरक्षा में थाना कोलारस में रखा गया है। प्रशासन ने मशीन संचालक और संबंधित भूमि स्वामी के खिलाफ नियमानुसार प्रकरण दर्ज कर आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इधर करैरा तहसील के ग्राम सिल्लारपुर स्थित एक क्रेशर आधारित खनिज उत्खनन पट्टे पर ब्लास्टिंग से आसपास के मकानों को नुकसान पहुंचने और ग्रामीणों की सुरक्षा प्रभावित होने की सूचना मिलने के बाद संयुक्त जांच कराई गई। निरीक्षण के दौरान खनन कार्य में स्वीकृत योजना और निर्धारित सुरक्षा मानकों के पालन में खामियां सामने आने की बात कही गई।
जांच में खदान क्षेत्र में निर्धारित सीमा से अधिक गहराई तक उत्खनन और ब्लास्टिंग संबंधी नियमों के उल्लंघन के संकेत मिलने पर प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से संबंधित खदान की गतिविधियां बंद करा दीं। साथ ही क्रेशर इकाई और कंट्रोल रूम को सील कर दिया गया। खनिज विभाग ने संबंधित पट्टाधारी को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा है तथा नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
कलेक्टर अर्पित वर्मा ने स्पष्ट किया है कि जिले में खनिज नियमों के उल्लंघन, अवैध परिवहन, भंडारण अथवा उत्खनन से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। आमजन की सुरक्षा और राजस्व हितों को ध्यान में रखते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।











