मंडी, 10 जून।
मंडी जिले के बल्ह थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे ने नशे के कारोबार का बड़ा भंडाफोड़ कर दिया है। नशे में धुत होकर वाहन चला रहे एक युवक और युवती की कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसके बाद ग्रामीणों को उनकी संदिग्ध हरकतों पर शक हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।
पुलिस की तलाशी में वाहन से 57.79 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) और 3.81 ग्राम अफीम बरामद की गई। इसके अलावा नशाखोरी में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्रियां भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले ली हैं। दुर्घटना की आड़ में नशीले पदार्थों की तस्करी का यह मामला सामने आते ही इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस ने आरोपी चालक यशपाल और युवती शबनम को तुरंत गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है और उन्हें अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया है।
एसपी विनोद कुमार ने बताया कि बरामद की गई नशे की खेप काफी मात्रा में है। पुलिस अब इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि वे यह माल कहां से लाए थे और किसे बेचने जा रहे थे। इस गिरोह के तार कहां जुड़े हैं और उनकी संपत्ति का ब्यौरा क्या है, इस दिशा में भी जांच जारी है।








