जम्मू, 10 जून।
सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने जम्मू-कश्मीर के उधमपुर स्थित नॉर्दर्न कमांड का दौरा कर सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने वहां चल रहे आधुनिकीकरण कार्यों और ऑपरेशनल क्षमताओं का बारीकी से जायजा लिया।
सेना प्रमुख को मल्टी-डोमेन ऑपरेशन और इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने सभी सैन्य अभियानों में एकीकृत कॉम्बैट तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देशों पर विशेष जोर दिया।
अधिकारियों के साथ संवाद के दौरान जनरल द्विवेदी ने सुरक्षा के बदलते माहौल को देखते हुए नई टेक्नोलॉजी को अपनाने और इनोवेशन को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने भविष्य की चुनौतियों से निपटने के लिए अपनी तैयारी को और अधिक धार देने की बात कही।
सेना प्रमुख ने सभी जवानों की कर्तव्यनिष्ठा और उनके द्वारा बनाए रखे गए उच्च स्तरीय ऑपरेशनल उत्कृष्टता की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि सेना की कार्यकुशलता को बढ़ाने के लिए डेटा-सेंट्रिक वॉरफेयर और नेटवर्किंग बेहद जरूरी है।
यह दौरा सेना के ट्रांसफॉर्मेशन और सुरक्षा व्यवस्था को अधिक मज़बूत बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। इस दौरान उन्होंने सभी रैंक के सैन्य अधिकारियों के साथ ऑपरेशनल असरदारता बढ़ाने के उपायों पर गहन चर्चा की।










