सुलतानपुर, 11 जून।
सुलतानपुर में दो सगी बहनों के साथ छेड़खानी करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। कोतवाली नगर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम के साथ हुई इस मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी है।
पुलिस को रात सवा दो बजे के करीब सूचना मिली थी कि आरोपी हवाई पट्टी के पास मौजूद है। जैसे ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोचने की कोशिश की, उसने अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस पर फायर कर दिया।
पुलिस की ओर से की गई आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग में आरोपी मोहम्मद आसिफ घायल हो गया। उसके दाहिने पैर में गोली लगी है। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
आरोपी शास्त्री नगर का रहने वाला है। उस पर 9 जून की रात को दो सगी बहनों के साथ बदसलूकी करने का आरोप है। इस संबंध में स्थानीय थाने में मामला पहले से ही दर्ज था।
पुलिस ने उसके पास से एक .315 बोर का तमंचा, जिंदा कारतूस और चोरी की एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है। पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी विधिक कार्रवाई कर रही है।












