सियोल, 12 जून।
दक्षिण कोरिया की एक अदालत ने पूर्व राष्ट्रपति यून सुक येओल को उत्तर कोरिया से जुड़े एक मामले में दोषी ठहराते हुए 30 वर्ष अतिरिक्त कारावास की सजा सुनाई है।
सियोल जिला अदालत ने अपने फैसले में यून सुक योल को देशद्रोह और सत्ता के दुरुपयोग का दोषी माना। अभियोजन पक्ष के अनुसार उन पर उत्तर कोरिया की दिशा में ड्रोन भेजकर क्षेत्रीय तनाव बढ़ाने और आपात स्थिति उत्पन्न करने की कथित साजिश में शामिल होने का आरोप था।
अभियोजन पक्ष का दावा है कि अक्टूबर 2024 में भेजे गए ड्रोन एक व्यापक योजना का हिस्सा थे, जिसका उद्देश्य उत्तर कोरिया को उकसाना और उसके बाद विशेष परिस्थितियों का हवाला देकर मार्शल लॉ लागू करना था।
अदालत ने मामले में प्रस्तुत साक्ष्यों और दलीलों पर विचार करने के बाद यह फैसला सुनाया। इस निर्णय के साथ पूर्व राष्ट्रपति की कानूनी मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
बताया गया है कि यून सुक योल पहले से ही अन्य मामलों में सजा भुगत रहे हैं। ताजा सजा उनके खिलाफ चल रहे मामलों में एक और बड़ा न्यायिक फैसला माना जा रहा है।













