जोरहाट, 13 जून।
असम के जोरहाट स्थित रौरिया एयरफोर्स स्टेशन पर शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। भारतीय वायुसेना का एक एएन-32 विमान नियमित उड़ान के दौरान रनवे पर सुरक्षित उतरने में विफल रहा।
लैंडिंग के समय यह विमान एयरबेस के उबड़-खाबड़ इलाके में चला गया। इसके बाद विमान में भीषण आग लग गई और वह दो हिस्सों में टूट गया। घटना के समय इलाके में चारों ओर धुएं का गुबार फैल गया।
सूचना मिलते ही एयरबेस पर मौजूद बचाव दल और दमकल की गाड़ियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फिलहाल बचाव अभियान जारी है।
भारतीय वायुसेना ने इस दुर्घटना की पुष्टि की है। वायुसेना के अनुसार, यह विमान 43 स्क्वाड्रन का हिस्सा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
फिलहाल चालक दल और विमान में मौजूद अन्य सैन्य कर्मियों की स्थिति को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। विस्तृत रिपोर्ट का अभी इंतजार किया जा रहा है।












