भोपाल, 13 जून।
पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आपात परिस्थितियों के लिए तैयार करने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय में फायर सेफ्टी प्रशिक्षण और मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण के दौरान सुरक्षाकर्मियों को स्वयं को सुरक्षित रखते हुए आग पर प्रभावी नियंत्रण पाने के व्यावहारिक तरीके सिखाए गए।
शनिवार शाम आयोजित इस अभ्यास में पुलिस मुख्यालय के सुरक्षाकर्मियों और कर्मचारियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न प्रकार की आग पर नियंत्रण पाने और बचाव कार्यों से जुड़ी प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई।
मॉक ड्रिल में आधुनिक अग्निशमन उपकरणों के उपयोग का प्रदर्शन किया गया। प्रतिभागियों को बताया गया कि अलग-अलग परिस्थितियों में आग बुझाने के लिए किन उपकरणों और तकनीकों का उपयोग किया जाना चाहिए।
अभ्यास के दौरान तरल पदार्थों में लगी आग को नियंत्रित करने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया। सुरक्षाकर्मियों ने अग्निशमन यंत्रों के प्रयोग, धुएं और लपटों से बचाव तथा सुरक्षित तरीके से राहत कार्य करने का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
प्रशिक्षण में फायर ब्रिगेड विशेषज्ञों ने विभिन्न आधुनिक उपकरणों की उपयोगिता और संचालन संबंधी जानकारी दी। प्रतिभागियों को अग्निशमन सिलेंडर, फोम नोजल, फायर हेलमेट, लाइफ जैकेट, ब्रीदिंग सेट, फायर ब्लैंकेट, हौज पाइप और अन्य सुरक्षा उपकरणों के बारे में विस्तार से बताया गया।
विशेषज्ञों ने बताया कि आग की प्रकृति के अनुसार उसे अलग-अलग श्रेणियों में वर्गीकृत किया जाता है और प्रत्येक प्रकार की आग को बुझाने की विधि भी अलग होती है। इसलिए आग लगने की स्थिति में सही तकनीक और उपकरणों का चयन बेहद महत्वपूर्ण होता है।
प्रशिक्षण के दौरान अग्नि दुर्घटना की स्थिति में अपनाई जाने वाली सावधानियों की भी जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को आपातकालीन सूचना प्रणाली, सुरक्षित निकासी, विद्युत आपूर्ति बंद करने और भीड़ नियंत्रण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रमों का उद्देश्य पुलिस बल की आपदा प्रबंधन क्षमता को मजबूत बनाना और आपात परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना है।
कार्यक्रम में पुलिस मुख्यालय के अधिकारी, सुरक्षाकर्मी तथा फायर ब्रिगेड की टीम के सदस्य उपस्थित रहे।












