इंदौर, 13 जून।
इंदौर के वीर सावरकर नगर स्थित माया भवन मल्टी के भूतल पर संचालित एक हार्डवेयर दुकान में शनिवार को अचानक आग लगने से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग और धुएं के तेजी से फैलने के कारण बहुमंजिला इमारत में रहने वाले लोगों को तत्काल बाहर निकलना पड़ा। समय पर राहत कार्य शुरू होने से किसी जनहानि की सूचना नहीं है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के बाद दुकान से निकलने वाला घना धुआं कुछ ही देर में ऊपरी मंजिलों तक पहुंच गया। इससे भवन में रहने वाले परिवारों के बीच दहशत फैल गई। रहवासियों ने बिना देर किए अपने घर खाली किए और सुरक्षित स्थानों पर पहुंच गए।
स्थानीय निवासी सुभाष चौधरी के अनुसार भवन में मौजूद सभी परिवारों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया। आग की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों ने भी मौके पर पहुंचकर बाल्टियों और अन्य साधनों से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण उस पर नियंत्रण नहीं पाया जा सका।
घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय पार्षद प्रशांत बड़वे भी मौके पर पहुंचे और तत्काल पानी का टैंकर मंगवाने की व्यवस्था की। इसके बाद राहत कार्य को और गति मिली।
सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की दो दमकल गाड़ियों ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकलकर्मियों ने करीब 20 हजार लीटर पानी का उपयोग कर आग पर काबू पाया। बचाव अभियान के दौरान पूरी इमारत की जांच भी की गई, ताकि कोई व्यक्ति अंदर फंसा न रह जाए।
फायर अधिकारियों के अनुसार आग शुभम इंटरप्राइजेज नामक दुकान में लगी थी, जो जी-प्लस-थ्री भवन के ग्राउंड फ्लोर पर संचालित हो रही थी। आग की चपेट में आने से दुकान में रखा पीवीसी फिटिंग का सामान, पेंट-थिनर, हार्डवेयर सामग्री और फर्नीचर पूरी तरह जल गया।
आग की लपटें ऊपर स्थित एक फ्लैट तक भी पहुंच गई थीं। इससे फ्लैट में रखे पर्दे, पलंग और एलईडी टीवी को नुकसान पहुंचा है। हालांकि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से इसे अन्य फ्लैटों तक फैलने से रोक लिया गया।
फायर विभाग का कहना है कि त्वरित कार्रवाई के कारण एक संभावित बड़े हादसे को टालने में सफलता मिली। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है और मामले की जांच की जा रही है।













