बॉलीवुड
13 Jun, 2026

रायगढ़ के मोहन सागर की वेब सीरीज ‘राख’ रिलीज, अमेजन प्रीमियर पर दिखा अभिनय का दम

रायगढ़ के कलाकार मोहन सागर अभिनीत हिंदी वेब सीरीज ‘राख’ अमेजन प्रीमियर पर रिलीज हुई है, जिसमें उन्होंने एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए अपनी अभिनय प्रतिभा का प्रभाव छोड़ा है।

रायगढ़, 13 जून।

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से निकलकर अभिनय की दुनिया में अपनी पहचान बनाने वाले कलाकार मोहन सागर की हिंदी वेब सीरीज ‘राख’ अमेजन प्रीमियर पर रिलीज हो गई है। वेब सीरीज में मोहन सागर महत्वपूर्ण भूमिका निभाते नजर आ रहे हैं, जिसे लेकर रायगढ़ के कला और रंगमंच जगत में उत्साह का माहौल है।

ग्राम गेजामुड़ा से संबंध रखने वाले मोहन सागर ने लंबे संघर्ष और निरंतर मेहनत के बल पर मुंबई में अपनी अलग पहचान बनाई है। उनकी नई वेब सीरीज का निर्देशन प्रोसित रॉय ने किया है। सस्पेंस और रहस्य से भरपूर यह कहानी एक मर्डर मिस्ट्री पर आधारित है, जिसमें मोहन सागर ने अपने किरदार को प्रभावशाली ढंग से निभाया है।

वेब सीरीज में अली फज़ल, सोनाली बेंद्रे और दिव्येंदु भट्टाचार्य जैसे कलाकार भी प्रमुख भूमिकाओं में दिखाई दे रहे हैं। इनके साथ मोहन सागर की उपस्थिति को दर्शकों के लिए खास माना जा रहा है।

मोहन सागर ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सरदार वल्लभभाई पटेल म्युनिसिपल स्कूल से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने कला और संगीत की शिक्षा हासिल की तथा इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय से रंगमंच का प्रशिक्षण लिया। आगे चलकर उन्होंने राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय दिल्ली में भी अध्ययन किया और देश के प्रतिष्ठित रंग निर्देशकों के साथ कार्य करने का अनुभव प्राप्त किया।

मुंबई पहुंचने के बाद मोहन सागर ने फिल्मों, धारावाहिकों और रंगमंच के क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहकर अपनी अलग पहचान बनाई। वर्तमान में भी वे अभिनय के साथ थिएटर गतिविधियों से जुड़े हुए हैं।

उनकी इस उपलब्धि पर रायगढ़ के रंगकर्मियों और कला जगत से जुड़े लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं तथा उनके उज्ज्वल रचनात्मक भविष्य की कामना की है।

|
आज का राशिफल

लाभकारी गतिविधियों में सक्रियता रहेगी। कामकाज की व्यस्तता से सुख-आराम प्रभावित होगा। धर्म-कर्म के प्रति रुचि जागृत होगी। मानसिक एवं शारीरिक शिथिलता पैदा होगी। जोखिम से दूर रहना ही बुद्घिमानी होगी। शुभ कार्यों की प्रवृत्ति बनेगी और शुभ समाचार भी मिलेंगे। शुभांक-3-6-8

आज का मौसम

भोपाल

25° / 36°

Partly sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़