बेंगलुरु, 14 जून।
शिक्षा क्षेत्र में जारी कथित अनियमितताओं के विरोध में प्रकाश राज आज बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में प्रदर्शन में शामिल होंगे। यह आंदोलन 'कॉकरोच जनता पार्टी' (सीजेपी) द्वारा आयोजित किया जा रहा है, जिसकी मुख्य मांग केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा है।
संगठन का कहना है कि देशभर में नीट उम्मीदवारों की आत्महत्या, पेपर लीक और शिक्षा ढांचे की बदहाली ने पूरे सिस्टम को खोखला कर दिया है। सीजेपी की योजना इस अभियान को व्यापक रूप देने की है।
इसी क्रम में 15 जून को जयपुर के शहीद स्मारक पर भी एक विरोध प्रदर्शन प्रस्तावित है। संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि वे अभी स्थानीय प्रशासन से आधिकारिक अनुमति मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।
जयपुर के इस कार्यक्रम में सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के शिरकत करने की संभावना है। इसमें शामिल होने वाले लोगों से संविधान और राष्ट्रीय ध्वज साथ लाने की अपील की गई है।
संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि शिक्षा मंत्री अपने पद से नहीं हटते हैं, तो लखनऊ, अमृतसर और जयपुर जैसे शहरों में भी आंदोलन को और तेज किया जाएगा। दिल्ली के जंतर-मंतर के बाद पुणे में भी प्रदर्शन की रूपरेखा तैयार की गई थी।
सीजेपी के संस्थापक ने केंद्र सरकार को नीट पेपर लीक और सीबीएसई पुनर्मूल्यांकन में गड़बड़ियों का जिम्मेदार ठहराया है। उनका दावा है कि परीक्षाओं में पारदर्शिता की कमी से करीब एक करोड़ छात्र प्रभावित हुए हैं।









