वाशिंगटन, 14 जून।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ जारी संघर्ष को खत्म करने की दिशा में एक बड़े कदम का संकेत दिया है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच समझौते पर आज हस्ताक्षर किए जाएंगे और इसके तुरंत बाद होर्मुज जलडमरूमध्य को सभी के लिए खोल दिया जाएगा। इस घटनाक्रम से कुछ घंटे पहले पाकिस्तान ने भी अमेरिका और ईरान के बीच अंतिम दौर की वार्ता होने की जानकारी दी थी।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया कि ईरान अब परमाणु हथियार नहीं चाहता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों देश मिलकर भविष्य में संवर्धित यूरेनियम को हटाने की दिशा में काम करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि सब कुछ योजना के अनुसार हुआ, तो दोनों देशों के आपसी संबंध पहले से बेहतर और अलग होंगे।
दूसरी ओर, इस समयसीमा को लेकर ईरान की तरफ से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बकई ने आज किसी भी समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर होने की खबर को सिरे से नकार दिया है। उन्होंने इसके पीछे दूसरी तरफ से आ रही हिचकिचाहट को जिम्मेदार ठहराया है।
बकई ने यह भी स्पष्ट किया कि अगर कोई ऐसा समझौता होता भी है, तो वह केवल आगे की चर्चाओं के लिए एक रूपरेखा मात्र होगा। इसे अंतिम समझौता मानने की भूल नहीं की जानी चाहिए।










