अपराध
17 Jun, 2026

खिलाड़ियों के लिए पुलिस भर्ती फिर शुरू, नए नियम लागू

मध्य प्रदेश सरकार ने उत्कृष्ट खिलाड़ियों की पुलिस में सीधी भर्ती दोबारा शुरू करते हुए चयन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए नए नियम लागू किए हैं।

भोपाल, 17 जून।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर प्रदेश में उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए पुलिस विभाग में सीधी भर्ती का रास्ता फिर से खुल गया है। वर्ष 2021 के बाद अब खिलाड़ियों की प्रत्यक्ष नियुक्ति प्रक्रिया दोबारा शुरू की जा रही है। सरकार का मानना है कि इससे खिलाड़ियों को सम्मानजनक रोजगार मिलने के साथ खेल गतिविधियों और प्रतिस्पर्धात्मक तैयारियों को निरंतर बनाए रखने में भी मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप गृह विभाग ने ‘मध्यप्रदेश पुलिस (उत्कृष्ट खिलाड़ियों की नियुक्ति) नियम, 2021’ में महत्वपूर्ण संशोधन किए हैं। संशोधित नियमों की अधिसूचना 15 जून 2026 को राजपत्र में प्रकाशित की जा चुकी है। नए प्रावधानों का उद्देश्य चयन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित और प्रभावी बनाना है, जिससे प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को शासकीय सेवा में बेहतर अवसर मिल सकें।

संशोधित व्यवस्था के तहत उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए पुलिस विभाग में उप निरीक्षक के 10 और आरक्षक के 50 पदों पर सीधी भर्ती की जाएगी। खेल कोटे से भर्ती प्रक्रिया अब नियमित रूप से हर वर्ष आयोजित होगी, जिससे खिलाड़ियों को अवसरों का लगातार लाभ मिल सकेगा। इसे प्रदेश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है।

नियमों के अनुसार पुलिस मुख्यालय की चयन एवं भर्ती शाखा प्रतिवर्ष उप निरीक्षक और आरक्षक पदों की रिक्तियां जारी करेगी। अब केवल पदक विजेता ही नहीं, बल्कि ओलम्पिक, एशियाई खेल और राष्ट्रमंडल खेलों में भाग लेने वाले खिलाड़ी भी सीधी भर्ती के लिए पात्र होंगे। उत्कृष्ट खिलाड़ियों को निर्धारित शैक्षणिक योग्यता और ऊंचाई संबंधी शारीरिक मापदंडों में पूर्ण छूट दी जाएगी। इसके अलावा उन्हें लिखित परीक्षा और शारीरिक दक्षता परीक्षा से भी छूट मिलेगी।

संशोधित प्रावधानों के तहत उत्कृष्ट खिलाड़ियों की नियुक्ति अनारक्षित श्रेणी में की जाएगी। केवल वही खेल विधाएं मान्य होंगी, जो पिछले तीन ओलम्पिक खेलों में शामिल रही हैं। यदि मेरिट अंक समान होते हैं तो वरिष्ठता का निर्धारण ओलम्पिक, एशियाई खेल, विश्व कप तथा अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रदर्शन की प्राथमिकता और खिलाड़ी की आयु के आधार पर किया जाएगा।

नए नियमों के अनुसार उप निरीक्षक पद के लिए वे खिलाड़ी पात्र होंगे जिन्होंने ओलम्पिक, एशियाई खेल, राष्ट्रमंडल खेल, विश्व कप या विश्व चैंपियनशिप जैसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीता हो अथवा सहभागिता की हो। इन प्रतियोगिताओं में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक विजेताओं के साथ प्रतिभागी खिलाड़ियों को भी पात्रता मिलेगी।

वहीं आरक्षक पद के लिए राष्ट्रीय खेलों और अधिकृत राष्ट्रीय चैंपियनशिप के पदक विजेता खिलाड़ी सीधी भर्ती के लिए पात्र होंगे। राष्ट्रीय खेलों या अधिकृत राष्ट्रीय चैंपियनशिप में स्वर्ण, रजत अथवा कांस्य पदक हासिल करने वाले खिलाड़ियों को इसका लाभ मिलेगा। जो खिलाड़ी उप निरीक्षक पद की पात्रता पूरी करते हैं, उन्हें आरक्षक पद के लिए भी स्वतः पात्र माना जाएगा।

|
आज का राशिफल

मेल-मिलाप से काम बनाने की कोशिश सफल होगी। कामकाज में आ रहा अवरोध दूर होकर प्रगति का रास्ता मिल जाएगा। अपने काम में सुविधा मिल जाने से प्रगति होगी। समाज में मान-सम्मान बढ़ेगा। नवीन जिम्मेदारी बढ़ने के आसार रहेंगे। अपने काम को प्राथमिकता से करें। शुभांक-6-8-9

आज का मौसम

भोपाल

26° / 35°

Light rain

ट्रेंडिंग न्यूज़