अपराध
17 Jun, 2026

प्रेम प्रसंग विवाद में युवक की मौत, 15 पर हत्या का केस

शिवपुरी के भौंती थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद के बीच प्रभान लोधी की कथित मारपीट के बाद मौत हो गई, जिसके मामले में पुलिस ने 15 लोगों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज किया है।

शिवपुरी, 17 जून।

जिले के पिछोर अनुविभाग के भौंती थाना क्षेत्र स्थित ग्राम भयावन में मंगलवार रात एक व्यक्ति की कथित मारपीट के बाद मौत हो गई। मामले को लेकर पुलिस ने 15 लोगों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में घटना का संबंध एक प्रेम प्रसंग विवाद से बताया जा रहा है।

घटना के बाद मृतक के परिजन और समाज के लोगों ने भौंती थाने के सामने शव रखकर विरोध प्रदर्शन किया। बुधवार को भी पीड़ित पक्ष ने अपनी मांगों को लेकर सड़क जाम किया और आरोपितों की गिरफ्तारी सहित अन्य मांगें उठाईं।

जानकारी के अनुसार 40 वर्षीय प्रभान लोधी गांव में निजी क्लीनिक का संचालन करता था। ग्रामीणों के मुताबिक उसका नाम एक विवाहित युवती से जुड़े विवाद में सामने आया था। युवती का विवाह करीब दो महीने पहले उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में हुआ था, लेकिन बाद में वह मायके लौट आई थी।

मृतक की पत्नी रीना लोधी ने आरोप लगाया कि मंगलवार शाम कुछ लोग उनके घर पहुंचे और प्रभान लोधी को अपने साथ ले गए। इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को भी दी थी।

गंभीर रूप से घायल प्रभान लोधी को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग भौंती थाने पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

ग्रामीणों के अनुसार मृतक का नाम पहले भी महिलाओं से जुड़े कुछ विवादों में सामने आया था। बताया जाता है कि पूर्व में ऐसे मामलों के चलते वह जेल भी जा चुका था। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

मृतक के भतीजे देवेंद्र लोधी का आरोप है कि मंगलवार सुबह परिवार के कुछ सदस्यों के साथ मारपीट हुई थी और इसकी शिकायत थाने में की गई थी। परिजनों का कहना है कि संभावित खतरे की जानकारी भी पुलिस को दी गई थी।

जानकारी के अनुसार संबंधित युवती ने भी मंगलवार को भौंती थाने पहुंचकर अपने पिता और भाई के खिलाफ मारपीट की शिकायत दर्ज कराई थी। बाद में उसे शिवपुरी स्थित वन स्टॉप सेंटर भेजा गया था।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में 15 लोगों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया है। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

|
आज का राशिफल

मेल-मिलाप से काम बनाने की कोशिश सफल होगी। कामकाज में आ रहा अवरोध दूर होकर प्रगति का रास्ता मिल जाएगा। अपने काम में सुविधा मिल जाने से प्रगति होगी। समाज में मान-सम्मान बढ़ेगा। नवीन जिम्मेदारी बढ़ने के आसार रहेंगे। अपने काम को प्राथमिकता से करें। शुभांक-6-8-9

आज का मौसम

भोपाल

26° / 35°

Light rain

ट्रेंडिंग न्यूज़