बस्ती, 17 जून।
जनपद के कलवारी थाना क्षेत्र स्थित कलवारी मुस्तहकम गांव में बुधवार दोपहर एक 65 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान मोहम्मद समी के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार भोजन करने के बाद मोहम्मद समी साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान गांव के प्रवेश द्वार के पास उन पर बांस से हमला किया गया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बुजुर्ग को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कलवारी ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मामले की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी प्रदीप कुमार त्रिपाठी सहित कई थानों की पुलिस और फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
अपर पुलिस अधीक्षक श्याम कांत ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में आपसी विवाद की आशंका सामने आई है।
उन्होंने बताया कि परिजनों से तहरीर प्राप्त कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।














