नई दिल्ली, 17 जून।
दिल्ली पुलिस ने बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 4,889 पुलिसकर्मियों के तबादला आदेश जारी किए हैं। इनमें 3,133 कांस्टेबल और 1,756 हेड कांस्टेबल शामिल हैं। संबंधित इकाइयों में निर्धारित कार्यकाल पूरा होने के बाद यह कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, तबादलों की पूरी प्रक्रिया सॉफ्टवेयर आधारित प्रणाली के माध्यम से संपन्न की गई है, जिससे पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित हो सके। नई व्यवस्था के तहत फ्रंटलाइन यूनिट्स में तैनात पुलिसकर्मियों को स्पोर्ट यूनिट्स में भेजा गया है, जबकि स्पोर्ट यूनिट्स में कार्यरत कर्मियों को फ्रंटलाइन जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
अधिकारियों का कहना है कि इस अदला-बदली का उद्देश्य विभिन्न इकाइयों के बीच कार्य अनुभव का संतुलन स्थापित करना और पुलिसिंग व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना है। यह प्रक्रिया हाल ही में लागू किए गए नए स्टैंडिंग ऑर्डर के तहत की गई है।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, नई ट्रांसफर नीति का मकसद लंबे समय से एक ही यूनिट में तैनात कर्मियों का नियमित रोटेशन सुनिश्चित करना और प्रशासनिक दक्षता को बढ़ाना है। इससे पुलिसकर्मियों को अलग-अलग प्रकार की जिम्मेदारियों का अनुभव मिलेगा, जो उनकी कार्यकुशलता और पेशेवर क्षमता को मजबूत करेगा।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि भविष्य में भी कार्यकाल पूरा करने वाले कर्मियों के तबादले इसी सॉफ्टवेयर आधारित प्रणाली के माध्यम से किए जाएंगे, जिससे मानव संसाधनों का बेहतर प्रबंधन और पुलिस व्यवस्था की प्रभावशीलता सुनिश्चित की जा सके।














