अपराध
17 Jun, 2026

6.837 किलो गांजा जब्त, सप्लायर समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

कोंडागांव पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान 6.837 किलोग्राम गांजा बरामद कर तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जिन्हें एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई के बाद जेल भेज दिया गया।

कोंडागांव, 17 जून।

कोंडागांव कोतवाली पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए 6.837 किलोग्राम गांजा के साथ तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति लाल रंग की मोटरसाइकिल से गांजा लेकर नारायणपुर की ओर से कोंडागांव आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने एनएच-30 बायपास तिराहा स्थित नए बस स्टैंड के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।

जांच के दौरान लाल रंग की ग्लैमर मोटरसाइकिल को रोककर चालक से पूछताछ की गई। उसने अपनी पहचान अमित पोटाई (24) निवासी बनचपाई के रूप में बताई। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 6.837 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

मादक पदार्थ मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत कार्रवाई की। पूछताछ में अमित पोटाई ने खुलासा किया कि वह गांजा कोंडागांव निवासी राजेश मंडावी के कहने पर बिक्री के लिए लेकर आ रहा था।

आरोपी ने पुलिस को बताया कि राजेश मंडावी और निहाल पाटील मिलकर शहर में गांजे की पुड़िया बनाकर बेचने का काम करते हैं। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ के दौरान दोनों ने गांजा तस्करी और बिक्री में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने राजेश मंडावी और निहाल पाटील को भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के निर्देश पर सभी आरोपितों को जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

|
आज का राशिफल

मेल-मिलाप से काम बनाने की कोशिश सफल होगी। कामकाज में आ रहा अवरोध दूर होकर प्रगति का रास्ता मिल जाएगा। अपने काम में सुविधा मिल जाने से प्रगति होगी। समाज में मान-सम्मान बढ़ेगा। नवीन जिम्मेदारी बढ़ने के आसार रहेंगे। अपने काम को प्राथमिकता से करें। शुभांक-6-8-9

आज का मौसम

भोपाल

26° / 35°

Light rain

ट्रेंडिंग न्यूज़