राजगढ़, 17 जून।
राजगढ़ जिले के खिलचीपुर क्षेत्र के बामनगांव में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में बन रहे एक निर्माणाधीन कुएं की मिट्टी अचानक धंसने से कांग्रेस मंडलम अध्यक्ष मुकेश कोट की मां और पत्नी मलबे में दब गईं। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन, पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू कराया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुकेश कोट अपने खेत में पुराने कुएं का पुनर्निर्माण करवा रहे थे। कुएं की खुदाई के बाद उसकी आरसीसी बाउंड्री बनाई गई थी और निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका था। बाउंड्री को मजबूत करने के उद्देश्य से आसपास की मिट्टी को गीला किया गया था तथा लोहे की सेंटरिंग भी लगाई गई थी।
बताया जा रहा है कि बुधवार को मुकेश कोट की 60 वर्षीय मां रूपाबाई और 30 वर्षीय पत्नी पिंकीबाई निर्माणाधीन कुएं का निरीक्षण करने खेत पर पहुंची थीं। दोनों महिलाएं कुएं के आसपास पड़ी गिट्टी को व्यवस्थित कर रही थीं। इसी दौरान अचानक कुएं के किनारे की मिट्टी धंस गई और दोनों महिलाएं संतुलन खोकर धंसती मिट्टी के साथ लगभग 25 फीट गहरे कुएं में जा गिरीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिलाओं के गिरते ही ऊपर से बड़ी मात्रा में मिट्टी कुएं में भरने लगी और कुछ ही देर में कुआं लगभग पूरी तरह मलबे से भर गया। हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और बचाव कार्य में सहयोग करने लगे।
प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए तीन जेसीबी और एक पोकलेन मशीन की सहायता से मलबा हटाने का काम शुरू कराया। करीब 50 से अधिक लोगों की टीम लगातार रेस्क्यू में जुटी हुई है। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए घटनास्थल के आसपास बैरिकेडिंग कर पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
देर शाम तक दोनों महिलाओं को सुरक्षित निकालने के प्रयास जारी रहे। प्रशासनिक अधिकारी लगातार मौके पर मौजूद रहकर राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं और पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।














