सुलतानपुर, 17 जून।
जिले के कूरेभार कस्बे में एक किराए के मकान से नाबालिग युवती और एक युवक के मिलने का मामला सामने आया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।
बताया गया कि यह मामला अंतरधार्मिक संबंध से जुड़ा हुआ है। घटना की जानकारी मिलने पर कुछ स्थानीय संगठन के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और पुलिस को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम संबंधित स्थान पर पहुंची और युवक तथा युवती को अपने साथ ले गई। बाद में दोनों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के लिए पुलिस के सुपुर्द किया गया।
बुधवार को सीओ बल्दीराय आशुतोष कुमार ने बताया कि थाना कूरेभार क्षेत्र में अयोध्या जनपद के इनायत नगर की एक नाबालिग लड़की के दूसरे समुदाय के युवक के साथ रहने की सूचना प्राप्त हुई थी।
उन्होंने बताया कि सूचना के बाद कूरेभार पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। साथ ही इनायत नगर पुलिस को भी मामले की जानकारी दी गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों को अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए थाने लाया गया है। मामले में आवश्यक जांच और कानूनी प्रक्रिया जारी है।
सीओ ने कहा कि घटना के बाद क्षेत्र में कानून व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है और स्थिति पर पुलिस की नजर बनी हुई है।














