अपराध
17 Jun, 2026

भरण-पोषण विवाद में पिता की हत्या, दो सगे बेटे गिरफ्तार; तमंचा और बाइक बरामद

प्रयागराज के कर्नलगंज क्षेत्र में बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने मृतक के दो बेटों को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया कि भरण-पोषण के मुकदमे को लेकर दोनों बेटे अपने पिता से नाराज थे। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त तमंचा और बाइक भी बरामद कर ली है।

प्रयागराज, 17 जून।

कर्नलगंज थाना क्षेत्र में 13 जून को हुई बुजुर्ग की हत्या का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि 13 जून को लल्ला चुंगी चौराहे पर मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने एक बुजुर्ग को गोली मार दी थी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। मृतक के पुत्र जितेंद्र कुमार की तहरीर पर कर्नलगंज थाने में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को पता चला कि वारदात को अंजाम देने वालों में मृतक के बेटे अखिलेश कुमार उर्फ शिवा उर्फ शिब्बू और उसका बड़ा भाई वीरेंद्र कुमार शामिल थे। दोनों को अयोध्या हॉस्टल मार्ग स्थित मजार के पास से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक रामदुलारे ने अपने बेटों के खिलाफ भरण-पोषण के लिए पारिवारिक न्यायालय में वाद दायर किया था। न्यायालय से वारंट जारी होने के बाद दोनों बेटे पिता से नाराज चल रहे थे। इसी रंजिश के चलते दोनों ने मिलकर अपने पिता की हत्या की साजिश रची और 13 जून की सुबह गोली मारकर उनकी हत्या कर दी।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान शिवकुटी क्षेत्र के लाला की सराय निवासी अखिलेश कुमार (22) और वीरेंद्र कुमार (30) के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आयुध अधिनियम की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।

पुलिस ने दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

|
आज का राशिफल

मेल-मिलाप से काम बनाने की कोशिश सफल होगी। कामकाज में आ रहा अवरोध दूर होकर प्रगति का रास्ता मिल जाएगा। अपने काम में सुविधा मिल जाने से प्रगति होगी। समाज में मान-सम्मान बढ़ेगा। नवीन जिम्मेदारी बढ़ने के आसार रहेंगे। अपने काम को प्राथमिकता से करें। शुभांक-6-8-9

आज का मौसम

भोपाल

26° / 35°

Light rain

ट्रेंडिंग न्यूज़