अपराध
17 Jun, 2026

फर्जी पेंशन लिंक से 12 लाख की ठगी, झारखंड से दो साइबर अपराधी गिरफ्तार

सोनभद्र साइबर थाना पुलिस ने फेसबुक पर पेंशनर और केवाईसी अपडेट के नाम पर साइबर ठगी करने वाले दो शातिर अपराधियों को झारखंड के कोडरमा से गिरफ्तार किया है। आरोपितों ने फर्जी लिंक के जरिए बैंकिंग जानकारी हासिल कर एक पेंशनर के खाते से 12 लाख रुपये निकाल लिए थे। पुलिस ने उनके कब्जे से पीओएस मशीन, कार, मोबाइल फोन और कई डेबिट-क्रेडिट कार्ड बरामद किए हैं।

सोनभद्र, 17 जून।

साइबर थाना पुलिस ने फेसबुक पर पेंशनर संबंधी फर्जी विज्ञापन और केवाईसी अपडेट के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले दो साइबर अपराधियों को झारखंड के कोडरमा जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपितों ने एक पेंशनर के खाते से 12 लाख रुपये की साइबर ठगी की थी।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि रॉबर्ट्सगंज निवासी डॉ. प्रेम बहादुर गौतम ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार उनके फेसबुक अकाउंट पर इंडसइंड बैंक के नाम से पेंशनर संबंधी एक विज्ञापन और लिंक दिखाई दिया। बैंक की आधिकारिक सेवा समझकर उन्होंने लिंक खोलकर अपनी बैंकिंग और व्यक्तिगत जानकारी साझा कर दी।

इसके बाद साइबर अपराधियों ने इंटरनेट बैंकिंग के माध्यम से उनके खाते से 5-5 लाख रुपये के दो और 2 लाख रुपये का एक ट्रांजेक्शन कर कुल 12 लाख रुपये निकाल लिए। मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने बैंक खातों का विश्लेषण, मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल, लोकेशन ट्रैकिंग, डिजिटल साक्ष्यों और सर्विलांस की मदद से आरोपितों की पहचान की। इसके बाद साइबर थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम झारखंड रवाना हुई और कोडरमा जिले के धीरज कुमार तथा रवि मेहता को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से एक पीओएस मशीन, एक चार पहिया वाहन, दर्जनों डेबिट एवं क्रेडिट कार्ड तथा चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे लोगों को विभिन्न प्रलोभन देकर उनका केवाईसी विवरण प्राप्त करते थे और उनके नाम पर बैंक में फर्जी खाते खुलवाते थे। इसके बाद ऑनलाइन ठगी से प्राप्त रकम इन खातों में ट्रांसफर कर एटीएम और अन्य माध्यमों से निकाल लेते थे, ताकि वास्तविक अपराधियों की पहचान छिपी रहे।

पुलिस आरोपितों के नेटवर्क और अन्य मामलों में उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है।

|
आज का राशिफल

मेल-मिलाप से काम बनाने की कोशिश सफल होगी। कामकाज में आ रहा अवरोध दूर होकर प्रगति का रास्ता मिल जाएगा। अपने काम में सुविधा मिल जाने से प्रगति होगी। समाज में मान-सम्मान बढ़ेगा। नवीन जिम्मेदारी बढ़ने के आसार रहेंगे। अपने काम को प्राथमिकता से करें। शुभांक-6-8-9

आज का मौसम

भोपाल

26° / 35°

Light rain

ट्रेंडिंग न्यूज़