मध्य प्रदेश
17 Jun, 2026

डोंगला फोरलेन से बदलेगी महिदपुर की तस्वीर: मुख्यमंत्री

महिदपुर में 207.57 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के लोकार्पण अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि डोंगला से गुजरने वाला नया फोरलेन क्षेत्र के विकास और कनेक्टिविटी को नई गति देगा।

महिदपुर, 17 जून।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत उज्जैन और आसपास के क्षेत्रों में हजारों करोड़ रुपये के विकास कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि डोंगला से होकर गुजरने वाला नया फोरलेन मार्ग महिदपुर के विकास को नई दिशा देगा और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को गति प्रदान करेगा। महिदपुर पहले से ही परिवहन क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है और नई सड़क परियोजना से इसकी संभावनाएं और मजबूत होंगी।

मुख्यमंत्री बुधवार को उज्जैन जिले के महिदपुर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित विकास कार्यों के लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उज्जैन और आसपास का क्षेत्र मां क्षिप्रा नदी के आशीर्वाद से समृद्ध है। क्षिप्रा नदी किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध कराती है। उन्होंने कहा कि महिदपुर का सौभाग्य है कि क्षिप्रा नदी पर निर्मित अधिकांश बांध और जलाशय इसी क्षेत्र में स्थित हैं।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने एक साथ 207 करोड़ 57 लाख रुपये की लागत से तैयार 19 विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इनमें लगभग 188 करोड़ 42 लाख रुपये की लागत से निर्मित सामाकोटा बैराज, 13 उप स्वास्थ्य केंद्रों के नवीन भवन, महाविद्यालय एवं विद्यालय भवनों के साथ एक नए विद्युत उपकेंद्र का लोकार्पण भी शामिल रहा।

डॉ. यादव ने कहा कि सामाकोटा बैराज जिले में जल संरक्षण को नई मजबूती देगा। इससे भू-जल स्तर में सुधार होगा और किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध हो सकेगा। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण की दिशा में किया गया यह प्रयास भविष्य में सिंहस्थ आयोजन और उज्जैन क्षेत्र की जल आवश्यकताओं को पूरा करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

मुख्यमंत्री ने महिदपुर की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां की मावा-बाटी और गुलाटी प्रदेशभर में प्रसिद्ध हैं। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा की मित्रता से जुड़ा स्थल भी महिदपुर में स्थित है। समय गणना के क्षेत्र में डोंगला का विशेष महत्व है। उन्होंने बताया कि राजा जयसिंह ने लगभग 300 वर्ष पहले उज्जैन, बनारस, जयपुर, मथुरा और दिल्ली में वैधशालाओं का निर्माण कराया था। इसी विरासत को आगे बढ़ाते हुए राज्य सरकार ने डोंगला में आधुनिक ऑब्जर्वेटरी विकसित की है। प्रयास किए जा रहे हैं कि भविष्य में दुनिया डोंगला के आधार पर मानक समय निर्धारित करे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर नई पहचान बनाई है। उन्होंने प्रधानमंत्री की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि गरीबों को आवास, रसोई गैस और स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिला है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने भी नवाचार करते हुए एयर एंबुलेंस सेवा शुरू की है। वहीं राहवीर योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करने वाले व्यक्तियों को 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों, युवाओं, महिलाओं और गरीब वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। लाड़ली बहना योजना और किसान सम्मान निधि के माध्यम से लगातार सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक लाड़ली बहनों के खातों में 60 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की जा चुकी है।

कृषि क्षेत्र का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सिंचित क्षेत्र का लगातार विस्तार हुआ है। वर्ष 2023 तक जहां 44 लाख हेक्टेयर कृषि भूमि सिंचित थी, वहीं अब यह आंकड़ा बढ़कर 65 लाख हेक्टेयर तक पहुंच गया है। सरकार ने अगले ढाई वर्षों में इसे 100 लाख हेक्टेयर तक ले जाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिया जा रहा है और गेहूं की खरीद एमएसपी पर 2652 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की गई है। साथ ही सोयाबीन उत्पादकों को भी भावांतर योजना का लाभ प्रदान किया गया है।

मुख्यमंत्री ने महिदपुर के ऐतिहासिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रतिकूल परिस्थितियों के दौरान यहां सिंहस्थ का आयोजन कराया गया था। उन्होंने महारानी गंगाबाई और 1857 के स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े वीरों के योगदान को भी स्मरण किया। कार्यक्रम को जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक दिनेश जैन (बोस) सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

|
आज का राशिफल

मेल-मिलाप से काम बनाने की कोशिश सफल होगी। कामकाज में आ रहा अवरोध दूर होकर प्रगति का रास्ता मिल जाएगा। अपने काम में सुविधा मिल जाने से प्रगति होगी। समाज में मान-सम्मान बढ़ेगा। नवीन जिम्मेदारी बढ़ने के आसार रहेंगे। अपने काम को प्राथमिकता से करें। शुभांक-6-8-9

आज का मौसम

भोपाल

26° / 35°

Light rain

ट्रेंडिंग न्यूज़