मध्य प्रदेश
17 Jun, 2026

जनकल्याण शिविर में बोलीं सुरभि गुप्ता, समस्याओं का हो समयबद्ध समाधान

अनूपपुर के ग्राम भाद में आयोजित जनकल्याण शिविर में संभागायुक्त सुरभि गुप्ता ने अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्याओं का संवेदनशीलता और समयबद्ध तरीके से निराकरण करने के निर्देश दिए।

अनूपपुर, 17 जून।

शहडोल संभाग की आयुक्त सुरभि गुप्ता ने कहा है कि शासन की मंशा है कि शासकीय योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरल, पारदर्शी और प्रभावी तरीके से पहुंचे। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए जिला या ब्लॉक मुख्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसी उद्देश्य से गांवों में जनकल्याण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों में प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उनका कहना था कि समस्याओं का समय पर समाधान होने से आमजन का प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत होगा। साथ ही उन्होंने ग्रामीणों से विभागीय स्टॉलों के माध्यम से योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर पात्रता के अनुसार अधिकाधिक लाभ लेने की अपील की।

बुधवार को जनपद पंचायत अनूपपुर के ग्राम भाद में आयोजित जनकल्याण शिविर में संभागायुक्त सुरभि गुप्ता और जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अर्चना कुमारी ने ग्रामीणों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना। शिविर में प्राप्त आवेदनों के त्वरित निस्तारण के लिए उपस्थित विभागीय अधिकारियों, ग्राम पंचायत सचिवों और रोजगार सहायकों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा विकासात्मक प्रदर्शनी और हितग्राहीमूलक योजनाओं की जानकारी देने के लिए विशेष स्टॉल लगाए गए। इनमें पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, आजीविका मिशन, राजस्व, महिला एवं बाल विकास, उद्यानिकी, पशुपालन, कृषि, सामाजिक न्याय तथा जनजाति कार्य विभाग शामिल रहे। इसके अलावा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी और स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं की भी विस्तृत जानकारी ग्रामीणों को उपलब्ध कराई गई। विभागीय स्टॉलों के माध्यम से लोगों को योजनाओं की पात्रता और आवेदन प्रक्रिया से अवगत कराया गया।

जनकल्याण शिविर में भाद के अलावा पोड़ी, आमाडांड, मलगा, चोड़ी, चुकानी, टांकी, बाडीखार, शिकारपुर, बरतराई और दारसागर सहित आसपास के कई गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। उन्होंने नामांतरण, सीमांकन, आयुष्मान कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, आवास तथा अन्य समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।

शिविर के दौरान कुल 84 आवेदन प्राप्त हुए, जिन्हें नियमानुसार कार्रवाई और समयबद्ध निराकरण के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया। अधिकारियों ने सभी प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने का भरोसा दिलाया।

कार्यक्रम में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सतीश वर्मा, जिला पंचायत सदस्य भारती केवट, जनपद पंचायत अनूपपुर की अध्यक्ष धनमती सिंह, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, स्थानीय सरपंच तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

|
आज का राशिफल

मेल-मिलाप से काम बनाने की कोशिश सफल होगी। कामकाज में आ रहा अवरोध दूर होकर प्रगति का रास्ता मिल जाएगा। अपने काम में सुविधा मिल जाने से प्रगति होगी। समाज में मान-सम्मान बढ़ेगा। नवीन जिम्मेदारी बढ़ने के आसार रहेंगे। अपने काम को प्राथमिकता से करें। शुभांक-6-8-9

आज का मौसम

भोपाल

26° / 35°

Light rain

ट्रेंडिंग न्यूज़