मध्य प्रदेश
17 Jun, 2026

महाराणा प्रताप जयंती पर भोपाल में भव्य शोभायात्रा, 50 से अधिक युवाओं ने किया रक्तदान

भोपाल में महाराणा प्रताप जयंती पर आयोजित भव्य शोभायात्रा के साथ रक्तदान शिविर, प्रतिभा सम्मान और दिव्यांग सम्मान कार्यक्रमों में समाज की व्यापक भागीदारी देखने को मिली।

भोपाल, 17 जून।

राजधानी भोपाल में वीरता, स्वाभिमान और त्याग के प्रतीक महाराणा प्रताप की 486वीं जयंती के अवसर पर बुधवार को भव्य आयोजन किया गया। जय मेवाड़ राजपूत समाज और श्री प्रताप सोशल वेलफेयर फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित मेवाड़ गौरव वीर शिरोमणि समारोह के तहत शहर में विशाल शोभायात्रा निकाली गई। आयोजन में समाज के युवा, वरिष्ठजन, मातृशक्ति और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।

शोभायात्रा शिवाजी महाराज चौराहे से प्रारंभ होकर महाराणा प्रताप चौराहे तक पहुंची। पूरे मार्ग में उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला। समाज के लोगों ने महाराणा प्रताप के आदर्शों और उनके शौर्य को स्मरण करते हुए विभिन्न कार्यक्रमों में भागीदारी निभाई।

शोभायात्रा के बाद रक्तदान शिविर, प्रतिभा सम्मान समारोह और दिव्यांग सम्मान कार्यक्रम आयोजित किए गए। रक्तदान शिविर में 50 से अधिक युवाओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर सामाजिक सेवा और मानवता का संदेश दिया। आयोजन समिति की ओर से सभी रक्तदाताओं को सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के युवा कल्याण एवं खेल मंत्री विश्वास कैलाश सारंग उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप केवल पराक्रम और वीरता के प्रतीक नहीं थे, बल्कि सामाजिक समरसता, आत्मसम्मान और संवेदनशीलता के भी प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी राष्ट्र और समाज के सम्मान की रक्षा करते हुए सभी वर्गों को साथ लेकर चलने का उदाहरण प्रस्तुत किया।

समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों, समाज के होनहार युवाओं तथा दिव्यांगजनों का सम्मान किया गया। वक्ताओं ने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन आज भी युवाओं को राष्ट्रसेवा, संघर्ष और आत्मसम्मान के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

कार्यक्रम में महाराणा प्रताप लोक के अध्यक्ष केशव सिंह भदौरिया, हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा, पूर्व विधायक ध्रुव नारायण सिंह, मंत्री विश्वास सारंग, केदार सिंह मंडलोई सहित समाज के अनेक पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह का समापन ‘जय मेवाड़’, ‘जय भवानी’ और ‘जय राजपूताना’ के उद्घोष के साथ हुआ।

|
आज का राशिफल

मेल-मिलाप से काम बनाने की कोशिश सफल होगी। कामकाज में आ रहा अवरोध दूर होकर प्रगति का रास्ता मिल जाएगा। अपने काम में सुविधा मिल जाने से प्रगति होगी। समाज में मान-सम्मान बढ़ेगा। नवीन जिम्मेदारी बढ़ने के आसार रहेंगे। अपने काम को प्राथमिकता से करें। शुभांक-6-8-9

आज का मौसम

भोपाल

26° / 35°

Light rain

ट्रेंडिंग न्यूज़