रक्षा व सुरक्षा
17 Jun, 2026

संघ कार्यालय पेट्रोल बम हमले की जांच तेज, एसआईटी के साथ एनआईए भी सक्रिय

रांची के निवारणपुर स्थित संघ कार्यालय पर हुए पेट्रोल बम हमले की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है, जबकि एनआईए और बीडीएस की टीमें भी मामले की पड़ताल में जुटी हैं।

रांची, 17 जून।

राजधानी रांची के निवारणपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत कार्यालय पर हुए पेट्रोल बम हमले की जांच तेज कर दी गई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए रांची पुलिस ने विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। वहीं मामले की पड़ताल में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) और बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) भी शामिल हो गए हैं।

पुलिस के अनुसार 16 जून की देर रात करीब 12:36 बजे दो अज्ञात व्यक्तियों ने संघ कार्यालय परिसर को निशाना बनाते हुए पेट्रोल बम फेंके। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज में दोनों संदिग्धों की गतिविधियां कैद हुई हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फेंके गए बमों में से एक कार्यालय की छत पर गिरा, जिससे तेज धमाके जैसी स्थिति उत्पन्न हुई।

घटना के बाद मौके पर पहुंची बीडीएस टीम ने जांच के दौरान पाया कि हमले में पेट्रोल का इस्तेमाल किया गया था। अधिकारियों के मुताबिक घटनास्थल से किसी प्रकार का विस्फोटक पदार्थ बरामद नहीं हुआ है। प्रारंभिक निष्कर्षों के आधार पर इसे आगजनी के प्रयास से जुड़ा मामला माना जा रहा है।

इसके बाद एनआईए की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिसर के विभिन्न हिस्सों की जांच की। हालांकि एजेंसी की ओर से जांच से संबंधित किसी निष्कर्ष को सार्वजनिक नहीं किया गया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सभी पहलुओं की गहन पड़ताल जारी है।

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक चार पहिया वाहन को बरामद कर लिया है। वाहन के स्वामित्व और उससे जुड़े लोगों की पहचान की जा रही है। वहीं दोनों हमलावरों की तलाश के लिए विशेष अभियान भी चलाया जा रहा है। रांची के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले के त्वरित खुलासे के लिए एसआईटी को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

संघ कार्यालय के प्रभारी नरसिंह कुमार की शिकायत पर चुटिया थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। शिकायत में कहा गया है कि कार्यालय परिसर में कई लोग निवास करते हैं और इस तरह का हमला गंभीर जनहानि का कारण बन सकता था। साथ ही संपत्ति को भी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई गई है।

प्राथमिकी में कार्यालय की सुरक्षा बढ़ाने, पुलिस पिकेट स्थापित करने और हमलावरों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की गई है। पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

इस बीच घटना से जुड़ा एक और सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। नए फुटेज में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है कि हमलावरों द्वारा फेंका गया एक पेट्रोल बम कार्यालय की छत तक पहुंचा था। इससे पहले उपलब्ध वीडियो में यह स्पष्ट नहीं हो पाया था कि पेट्रोल बम परिसर के भीतर गिरा था या नहीं। नए फुटेज के सामने आने के बाद जांच एजेंसियां हमले की योजना और उसके पीछे की मंशा को लेकर भी विस्तृत जांच कर रही हैं।

|
आज का राशिफल

मेल-मिलाप से काम बनाने की कोशिश सफल होगी। कामकाज में आ रहा अवरोध दूर होकर प्रगति का रास्ता मिल जाएगा। अपने काम में सुविधा मिल जाने से प्रगति होगी। समाज में मान-सम्मान बढ़ेगा। नवीन जिम्मेदारी बढ़ने के आसार रहेंगे। अपने काम को प्राथमिकता से करें। शुभांक-6-8-9

आज का मौसम

भोपाल

26° / 35°

Light rain

ट्रेंडिंग न्यूज़