पश्चिम बर्दवान, 17 जून।
जामुड़िया के खास केंदा इलाके में एक नाबालिग लड़की के साथ कथित छेड़छाड़ और दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार, नाबालिग अपनी सहेली को बुलाने के लिए पड़ोस के घर गई थी। आरोप है कि वहां मौजूद सहेली के 55 वर्षीय दादाजी ने उसे घर के अंदर रोक लिया। काफी देर तक बच्ची के घर नहीं लौटने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की।
लड़की के पिता नारायण महाराणा ने बताया कि खोजबीन के दौरान पड़ोसियों ने घर से रोने की आवाज सुनने की जानकारी दी। जब परिजन संबंधित घर पहुंचे तो आरोपित ने पहले बच्ची के वहां होने से इनकार किया, लेकिन कुछ देर बाद वह उसी घर से बाहर आई।
परिवार का आरोप है कि बच्ची ने बताया कि उसके हाथ-पैर और मुंह बांध दिए गए थे तथा उसके साथ मारपीट भी की गई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने आरोपित को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
केंदा चौकी पुलिस ने आरोपित मोहम्मद मुस्तफा अंसारी को हिरासत में लेकर मामला दर्ज किया है। हालांकि आरोपित ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों से इनकार किया है।
पुलिस ने बताया कि नाबालिग के परिजनों की लिखित शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है और सभी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी घटना को गंभीर बताते हुए निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।














