अपराध
18 Jun, 2026

जयपुर में लापता महिला का शव कुएं में मिला, चांदी के कड़ों के लिए हत्या की आशंका

जयपुर के शिवदासपुरा क्षेत्र में लापता महिला का शव कुएं में मिलने से सनसनी फैल गई, चांदी के कड़े गायब होने पर लूट के लिए हत्या की आशंका जताई जा रही है।

जयपुर, 18 जून।

राजधानी जयपुर के शिवदासपुरा थाना क्षेत्र में एक कुएं से महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है, जहां मृतका के पैरों से चांदी के कड़े गायब मिलने के बाद लूट के लिए हत्या की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार मृतका पिछले आठ दिनों से लापता थी और परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। गुरुवार सुबह हनुमानपुरा पावर ग्रिड के पीछे ढूंढ नदी के पास स्थित कुएं से दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों ने झांककर देखा तो अंदर शव दिखाई दिया, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही शिवदासपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सिविल डिफेंस व एफएसएल टीम की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया गया। घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए गए और आसपास बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए।

पुलिस जांच में मृतका की पहचान बल्लूपुरा निवासी 53 वर्षीय बीना देवी के रूप में हुई है, जो मजदूरी का कार्य करती थीं। परिजनों के अनुसार वह 11 जून को दवा लेने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं।

पुलिस के अनुसार शव घर से लगभग दो किलोमीटर दूर मिला है और वह कई दिन पुराना होने के कारण सड़ चुका था। प्रारंभिक जांच में चांदी के कड़े गायब मिलने से यह आशंका और मजबूत हुई है कि बदमाशों ने लूट के इरादे से हत्या कर शव को कुएं में फेंका है।

फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि करेगी। साथ ही सीसीटीवी फुटेज और मृतका की गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।

घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने थाने के बाहर धरना-प्रदर्शन कर आरोपियों की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग की, जिसे बाद में पुलिस अधिकारियों ने समझाइश देकर शांत कराया।

|
आज का राशिफल

मेल-मिलाप से काम बनाने की कोशिश सफल होगी। कामकाज में आ रहा अवरोध दूर होकर प्रगति का रास्ता मिल जाएगा। अपने काम में सुविधा मिल जाने से प्रगति होगी। समाज में मान-सम्मान बढ़ेगा। नवीन जिम्मेदारी बढ़ने के आसार रहेंगे। अपने काम को प्राथमिकता से करें। शुभांक-6-8-9

आज का मौसम

भोपाल

26° / 36°

Mostly sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़